Nagaur : बीमा क्लेम व लोन माफ करवाने के लिए पत्नी ने की पति की हत्या, अंतिम संस्कार के समय हुआ खुलासा
नागौर, 6 अक्टूबर। राजस्थान के नागौर जिले के मेड़ता सिटी थाना क्षेत्र के कुरड़ाया गांव में एक महिला ने बीमा क्लेम में मिलने वाली राशि के लालच और ट्रैक्टर-पिकअप का ऋण माफ कराने के लिए पति की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का खुलासा तब हुआ, जब अंतिम क्रिया से पूर्व शव को स्नान कराया जा रहा था। मृतक के गले और शरीर पर चोट के निशान देख परिजन को शक हुआ। पूछने पर पत्नी ने कहा कि बाइक से गिरने की वजह से पति को चोट लगी थी। इसके बाद पत्नी ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार करवा दिया।

बाद में मृतक के बड़े भाई ने शक के आधार पर पुलिस थाने में शिकायत दी। पुलिस पूछताछ में महिला पहले तो गुमराह करती रही, मगर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने कंपनियों से बीमा क्लेम हासिल करने तथा गाड़ी और ट्रैक्टर का ऋण माफ करवाने के लिए पति की हत्या की थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया से बातचीत में मेड़ता सिटी पुलिस थाने के एसएचओ रोशनलाल सामरिया के अनुसार भाकरराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई नेमाराम गांव में ही खेती करता था। मंगलवार को भाकरराम खेत पर गया था। वहां से घर लौटा तो नेमाराम (57) मृत पड़ा था। उस समय इसे सामान्य मौत माना गया। अंतिम संस्कार के लिए स्नान कराते समय शरीर पर चोटों के निशान नजर आए।
इस बारे में पूछने पर नेमाराम की पत्नी शारदा ने बताया कि नेमाराम एक दिन पहले बासनी गया था। रास्ते में गिरने से ये चोटें लगी है। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार के बाद शक के आधार पर पुलिस को सूचना दी गई, क्योंकि मृतक की पीठ, सिर और गले पर कई चोटों के गहरे निशान थे। पुलिस घर पहुंची और शारदा से पूछताछ की तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
परिजन ने बताया कि नेमाराम को बचपन में ही रिश्तेदार भंवरूराम ने गोद ले लिया था। तीन महीने पहले ही नेमाराम के बेटे और पत्नी ने एक ट्रैक्टर और एक पिकअप नेमाराम के नाम से खरीदी थी। नेमाराम की पत्नी ने कुछ दिन पहले नेमाराम के नाम से एक जीवन बीमा पॉलिसी भी करवाई थी। पत्नी ने योजनानुसार नेमाराम की हत्या कर दी, ताकि दोनों वाहनों की किश्तें माफ हो सकें और क्लेम उठाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications