बर्थडे से एक दिन पहले इकलौते बेटे की मौत, माता-पिता कारोबार की जिम्मेदारी सौंपकर देना चाहते थे सरप्राइज
भरतपुर, 31 जुलाई। एक अगस्त को अरिहंत जैन का जन्मदिन था। राजस्थान की लेकसिटी उदयपुर में बर्थडे पार्टी रखी गई थी। फिर मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने और जन्मदिन के खास मौके पर ही उसे कारोबार की जिम्मेदारी सौंपकर सरप्राइज देना था, मगर भगवान को कुछ और ही मंजूर था। जन्मदिन से एक दिन पहले इकलौता बेटा छीन लिया।

सड़क हादसे में कामां के चार दोस्तों की मौत
मूलरूप से राजस्थान के भरतपुर जिले की कामां तहसील निवासी अरिहंत जैन की शुक्रवार देर रात टोंक सड़क हादसे में मौत हो गई। अरिहंत के साथ ही उसके तीन दोस्तों की भी जान गई है। शनिवार को चार दोस्तों के शव कामां पहुंचे तो चीख पुकार मच गई। बाजार बंद रहे।

पांचवां दोस्त गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार भरतपुर कामां के पांच व्यापारी दोस्त कार में सवार होकर घूमने के लिए निकले थे। इन्हें उदयपुर से उज्जैन जाना था। रास्ते में टोंक जिले के देवली के पास शुक्रवार देर रात कार एक ट्रैक्टर से टकरा गई। चार दोस्त अरिहंत जैन, दिवाकर शर्मा, हेमंत अग्रवाल और कृष्णा सैनी की मौत हो गई जबकि पांचवां दोस्त घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कामां में शोक की लहर
बता दें कि अरिहंत जैन कामां के कुमकुम जैन सुधा का इकलौता बेटा था। इसके एक बहन महक है। इकलौते बेटे व कामां के चार दोस्तों की मौत से हर तरफ शोक की लहर रही। व्यापारियों ने सुबह से ही अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। शवयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

घर पर हो रही थी जन्मदिन मनाने की तैयारियां
बताया जा रहा है कि रविवार को अरिहंत जैन का जन्मदिन था। वह बीए की पढ़ाई कर रहा था। कुमकुम जैन व मां सुधा उसे जन्मदिन के तोहफे के रूप में कारोबार की जिम्मेदारी सौंपने वाले थे और उसका जन्मदिन मनाने की तैयारियों में जुटे थे। इस बीच अरिहंत की सड़क हादसे में मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications