Rajendra Gudha: लाल डायरी ड्रामे के बाद बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने शुरू की ऊंट गाड़ी यात्रा
Rajendra Gudha vs Ashok Gehlot: राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ लाल डायरी ड्रामे के बाद बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने ऊंट यात्रा शुरू की है।
Rajendra Gudha Unt Gadi Yatra: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले अपनी ही सरकार के खिलाफ बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के सियासी हमले तेज हो गए हैं।
सैनिक कल्याण मंत्री पद से बर्खास्त होने के बाद राजेंद्र गुढ़ा लाल डायरी लेकर राजस्थान विधानसभा पहुंचे। खूब सियासी ड्रामा हुआ और अब गुढ़ा ने ऊंट यात्रा शुरू की है।

मंगलवार को राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने कई गांवों में ऊंट यात्रा शुरू की और अशोक गहलोत सरकार पर जमकर हमले बोले।
Recommended Video
उदयपुरवाटी में झड़ाया बालाजी मंदिर से शुरू हुई राजेंद्र गढ़ा की ऊंट यात्रा पहले दिन गांव पचलंगी, कैरोठ, पापड़ा और बाघोली पहुंची। यात्रा के दौरान गांव कैरोठ में सभा को संबोधित करते हुए गुढ़ा ने कहा कि मैं गहलोत या वसुंधरा की मेहरबानी से चुनाव नहीं जीता। उदयपुरवाटी की जनता जीताकर राजस्थान विधानसभा भेजा है। आप लोगों की बहन-बेटियों की सुरक्षा की बात उठाता रहूंगा।
राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में दुर्योधन और दुशासन बैठे हुए हैं। जब तक गुढ़ा की सांस चलेगी और दिल धड़केगा तब तक वे इनसे लड़ते रहेंगे। गहलोत सरकार के सारे काले कारनामे जानता हूं। प्रदेशभर में जाकर उनका खुलासा करूंगा।
राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि मेरा नार्को टेस्ट करवाएं और सभी मंत्रियों का नार्को टेस्ट कराएं। जो लोग जेलों में महिलाओं के बलात्कार के आरोप में पड़े हैं उनसे बड़े बलात्कारी राजस्थान विधानसभा में अशोक गहलोत सरकार के मंत्री परिषद के सदस्य बनकर बैठे हैं।
नार्को टेस्ट से जनता के सामने हकीकत आएगी। अगर आपका भाई राजेंद्र गुढा उस नार्को टेस्ट में विफल हो जाए तो मैं आपको अपना मुंह तक नहीं दिखाउंगा। मैं राजनीति छोड़ दूंगा।
राजेंद्र गुढ़ा ने सभा में यह भी कहा कि राहुल गांधी जी बोलते हैं, 'मेरा माइक बंद कर दिया', 'मुझे लोकसभा में बोलने नहीं दिया गया'। राहुल जी, आपका तो माइक बंद किया लेकिन मुझे तो बैठने के लिए तक सीट नहीं दी। मुझे मंत्री पद से बर्खास्त कर यह तक नहीं बताया कि मुझे बैठना कहां है।
उल्लेखनीय है कि उदयपुरवाटी से साल 2018 में दूसरी बार बसपा की टिकट पर जीतकर राजेंद्र गुढ़ा कांग्रेस में शामिल हो गए थे और गहलोत सरकार में मंत्री बने। गुढ़ा सचिन पायलट समर्थक माने जाते हैं।
21 जुलाई को राजस्थान विधानसभा में मणिपुर हिंसा पर बोलते हुए मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा था कि राजस्थान महिलाओं की सुरक्षा में विफल हो गया है। मणिपुर की बजाय हमें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। इस बयान के छह घंटे बाद ही गुढ़ा को मंत्री पद से हटा दिया गया था।
सोमवार को गुढ़ा विधानसभा में लाल डायरी लेकर पहुंचे और दावा किया कि इसमें गहलोत सरकार द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त का लेखा-जोखा है। हालांकि आरोप यह भी है कि गुढ़ा से वह लाल डायरी कांग्रेस के मंत्रियों ने जबरन छीन ली।












Click it and Unblock the Notifications