Ravindra Singh Bhati: बाड़मेर सीट का रिजल्ट आने से पहले रविन्द्र सिंह भाटी पर क्यों दर्ज हो गई FIR?
Ravindra Bhati News: लोकसभा चुनाव 2024 में चुनाव परिणाम से पहले बाड़मेर सीट से निर्दलीय रविंद्र सिंह भाटी की मुश्किल बढ़ने वाली हैं। रविंद्र सिंह भाटी के खिलाफ पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। इनके 800-900 समर्थकों को भी आरोपी बनाया गया है।
पचपदरा पुलिस थाने में रविंद्र सिंह भाटी व उनके समर्थकों के खिलाफ यह केस तीन दिन पहले नए जिला बालोतरा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन मामले में दर्ज किया गया है। इसमें रविंद्र सिंह भाटी समेत 32 लोगों को नामजद किया गया है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव 2024 में दूसरे चरण के तहत राजस्थान की 13 सीटों पर मतदान हुआ था। इनमें बाड़मेर-जैसलमेर सीट भी शामिल थी। वोटिंग के दौरान बायतु इलाके में मतदाताओं के साथ मारपीट हुई, जिसमें रविंद्र सिंह भाटी ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया और दूसरे दिन 27 अप्रैल को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बालोतरा एसपी कार्यालय के सामने धरना देकर प्रर्शन किया था।
इस पर पचपदरा पुलिस ने पुलिस ने रविन्द्र सिंह भाटी और उनके समर्थकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147,186,188 और 283 के तहत केस दर्ज किया है। वोटिंग में कथित धांधली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर चार घंटे बाद रविंद्र भाटी ने धरना समाप्त कर दिया था।
इधर, जाट महासभा ने भी 26 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान एजेंट और मतदाताओं के साथ मारपीट करने के मामले को लेकर सोमवार को बाड़मेर जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और विभिन्न स्थानों पर की हुई मारपीट के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान जाट महासभा बाड़मेर जिला इकाई के अध्यक्ष पांचाराम ने आरोप लगाया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में बाड़मेर-जैसलमेर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी के समर्थकों ने मतदान के दिन जिलेभर में कई जगह एजेंटों के साथ मारपीट कर उन्हें मतदान केंद्रों से भगा दिया। स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान में बाधा उत्पन्न की गई. इसके बाद से अब आमजन में भय का वातावरण फैला हुआ है।
उल्लेखनीय है कि आम चुनाव 2024 में राजस्थान में बाड़मेर-जैसलमेर सबसे हॉट सीट है। यहां से भाजपा के कैलाश चौधरी, कांग्रेस के उम्मेदाराम बेनीवाल को निर्दलीय रविंद्र सिंह भाटी की ओर से कड़ी टक्कर मिली है। बाड़मेर सांसद कौन बनेगा? इसका पता चार जून को होने वाली मतगणना से चल सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications