Bharatpur: पिता ने घोंट डाला शादीशुदा बेटे का गला, गृह क्लेश की वजह से ली जान
भरतपुर की मथुरा गेट पुलिस ने बेटे विपिन की हत्या के आरोपी पिता लालाराम को पकड़ लिया है।

राजस्थान के भरतपुर शहर के मथुरा गेट थाना इलाके के गुलाल कुंड मोहल्ले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक बुजुर्ग ने गला घोंटकर जवान बेटे की हत्या कर दी। वारदात के बाद सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया है।
मीडिया से बातचीत में मथुरा गेट पुलिस थानाधिकारी रामनाथ सिंह ने बताया कि शनिवार रात को पिता-पुत्र में झगड़ा हुआ, जिसमें पिता ने बेटे का गला दबा दिया। बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया।
पुलिस जांच में पता चला कि विपिन की शादी साल 2012 में ममता से हुई थी। इनके दो बच्चे हैं। पत्नी ममता की ओर से ससुर लालाराम के खिलाफ मथुरा गेट पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि पिता-पुत्र के बीच करीब एक साल से गृह क्लेश चल रहा था। पत्नी भी बीते दो माह से अपने मायके में रह रही थी। गृह क्लेश किस बात को लेकर था। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।












Click it and Unblock the Notifications