कौन हैं वो इलेक्ट्रिकल इंजीनियर जिसने REET परीक्षा में नकल के लिए तैयार की डिवाइस वाली चप्पल?
जयपुर, 10 नवंबर। राजस्थान शिक्षक पात्रता टेस्ट यानी रीट परीक्षा 2021 इस बार खासी चर्चा में है। रीट रिजल्ट के बाद कई गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। वहीं, 26 सितम्बर को आयोजित रीट परीक्षा के दौरान नकल के लिए विशेष रूप से तैयार की गई डिवाइस लगी चप्पल की चर्चा तो अब तक हो रही है।

दरअसल, अब उस शख्स को पकड़ लिया गया है, जिसने रीट में हाईटेक तरीके से नकल करवाने के लिए डिवाइस वाली चप्पल बनाई थी। बीकानेर की गंगाशहर पुलिस ने आरोपी युवक सुरेंद्र धारीवाल को दिल्ली के जनकपुरी से पकड़ा गया है।
आरोपी सुरेंद्र ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की डिग्री ले रखी है तथा ब्लूटूथ डिवाइस व मोबाइल संबंधी काम करता है। नकल गिरोह के सरगना तुलसाराम कालेर से पुलिस पूछताछ में सुरेंद्र के बारे में पता चला था।
तुलसाराम कालेर को बीकानेर पुलिस ने पिछले दिनों ही पकड़ा था। तुलसाराम कालेर ने रीट परीक्षा में नकल करवाने के लिए 25 अभ्यर्थियों के लिए डिवाइस वाली चप्पलें बनवाई थी। 30-40 हजार रुपए प्रति अभ्यर्थी वो चप्पलें बेची गईं।
उधर, सीकर जिले के नीमकाथाना में ब्लूटूथ वाली डिवाइस की चप्पलें पहनकर नकल करते हुए बीकानेर के नोखा स्थित पांचू के उदाराम गोदारा को पकड़ा था। उदाराम के पास से ब्लूटूथ स्पीकर व डिवाइस वाली चप्पलें जब्त की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications