Rajasthan: शिक्षक भर्ती का पेपर लीक करने वालों के घरों-दफ्तरों में ED के छापे, गरमा गई सियासत
पेपर लीक के आरोप में पकड़े गए आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा, भजनलाल बिश्नोई व सुरेश ढाका समेत कई लोगों के ठिकानों पर ईडी के छापे पड़े हैं।

राजस्थान में शिक्षक भर्ती पेपर लीक केस एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री हो गई है। ईडी की कई टीमों ने आरपीएससी सदस्य व पेपर माफिया के 28 ठिकानों पर छापे मारे हैं। राजस्थान में ईडी के छापों से सियासत गरमा गई है। खुद सीएम अशोक गहलोत ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा के डूंगरपुर स्थित घर व अजमेर स्थित सरकारी आवास और ऑफिस में छापे मारे। ईडी की अन्य टीमों ने पेपर माफिया बाड़मेर निवासी भजनलाल विश्नोई, जयपुर में सुरेश ढाका के घर भी छापा मारा।
पेपर लीक केस में बाबूलाल कटारा और भजनलाल बिश्नोई पकड़े जा चुके हैं जबकि सुरेश अभी भी फरार चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर में राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। उदयपुर पुलिस ने 40 से ज्यादा अभ्यर्थियों को बस में पेपर हल करते पकड़ा था। यह पेपर बाबूलाल कटारा, सुरेश ढाका व शेर सिंह मीणा के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचा था। पेपर हर स्तर पर लाखों रुपए में बेचा गया था।
राजस्थान में ईडी छापों पर सियासत
राजस्थान में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई पर नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पेपर लूट घोटाला हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय के बाद आयकर विभाग की टीम की कार्रवाई भी होगी। भाजपा ने ईडी की कार्रवाई पर कहा कि बड़े मगरमच्छों को बचाया जा रहा है, लेकिन वे ईडी की कार्रवाई में पकड़े जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications