पीएम मोदी के राजस्थान दौरे से चर्चा में आई 'राजकुमारी' कौन हैं? जिनकी लव मैरिज ने सबको चौंका दिया था
Who is Diya Kumari Rajasthan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर 2023 को जयपुर आए थे। जनसभा को सम्बोधित किया था। पीएम मोदी ने मंच से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का नाम नहीं लिया। ना ही सभा में राजे का भाषण हुआ। जबकि मंच संचालन का जिम्मा भाजपा सांसद दीया कुमारी को मिला था। इसी सियासी कहानी ने दीया कुमारी को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
कहानी राजस्थान की राजनीति के गलियारों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हर कोई अपने-अपने ढंग से इसके सियासी मायने निकाल रहा है। राजस्थान भाजपा के नए सियासी समीकरणों की ओर इशारा किया जा रहा है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि भाजपा वसुंधरा राजे की 'काट' के तौर पर दीया कुमारी को आगे कर रही है। ऐसे में आइए जानते हैं दीया कुमारी का जीवन परिचय।

वसुंधरा राजे की तरह दीया कुमारी भी राजपरिवार से ताल्लुक रखती हैं। दीया कुमारी का जन्म जयपुर के पूर्व राजपरिवार में 30 जनवरी 1971 को जन्म हुआ। जबकि वसुंधरा राजे सिंधिया ग्वालियर के पूर्व राजपरिवार में जन्मीं। राजे राजस्थान की पूर्व सीएम व दीया कुमारी राजस्थान के राजसमंद से भाजपा की वर्तमान सांसद हैं।
सिंधिया को सियासत में 'महारानी तो दीया कुमारी को 'राजकुमारी' के नाम से भी जाता है।
दीया कुमारी जयपुर के पूर्व महाराजा व होटल व्यवसायी ब्रिगेडियर भवानी सिंह और पद्मिनी देवी की बेटी हैं। अपनी खूबसूरती व सियासी सूझबूझ के लिए भी पहचाने जाने वाली दीया कुमारी राजस्थान भाजपा की सबसे सक्रिय सांसदों में से एक हैं।
दीया कुमारी ने मॉडर्न स्कूल (नई दिल्ली), जीडी सोमानी मेमोरियल स्कूल (मुंबई) और महारानी गायत्री देवी गर्ल्स पब्लिक स्कूल (जयपुर) से पढ़ाई की है। साल 2003 में भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने वाली दीया कुमारी सवाई माधोपुर से विधायक रहीं और लोकसभा चुनाव 2019 में राजसमंद से भाजपा सांसद बनीं।
दीया कुमारी ने नरेंद सिंह से की थी लव मैरिज
अक्सर राजपरिवार के बेटे-बेटियों की शादी उन्हीं समकक्ष घरानों में होती है, मगर दीया कुमारी ने राजपरिवार के बाहर के व्यक्ति नरेंद्र कुमार से लव मैरिज की। नरेंद्र कुमार अकाउंट के काम के सिलसिले उनके घर आए थे। तब जान पहचान हुई, जो बाद दीया कुमारी व नरेंद्र कुमारी की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने साल 1994 में प्रेम विवाह कर लिया था।
दीया कुमारी ने ले लिया था तलाक
राजस्थान में दीया कुमारी की नरेंद्र कुमार से लव मैरिज काफी चर्चा में रही थी। दोनों एक गौत्र के थे। ऐसे में जयपुर के पूर्व महाराजा भवानी सिंह को राजपूत महासभा के अध्यक्ष का पद भी छोड़ना पड़ा था। दीया कुमारी व नरेंद्र के दो बेटे पद्मनाभ सिंह व लक्ष्यराज सिंह और बेटी गौरवी है। शादी के 21 साल बाद दीया कुमारी व नरेंद्र कुमार का तलाक हो गया।
भाजपा जीती तो बढ़ जाएगा दीया कुमारी का सियासी कद
बीते एक दशक से दीया कुमारी राजस्थान की राजनीति में काफी सक्रिय हैं। पहले सवाई माधोपुर में विधायक बनकर और अब राजसमंद में सांसद बनकर जनता के बीच में हैं। कहा जा रहा है कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने पर दीया कुमारी को बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है। कहा तो यहां तक जा रहा कि बीजेपी उन्हें महिला सीएम के तौर पर पेश करके सबको चौंका भी सकती है।












Click it and Unblock the Notifications