Rajasthan News: शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़े भक्त, शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़
Rajasthan News: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुवार को प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। बांसवाड़ा में त्रिपुरा सुंदरी, चित्तौड़गढ़ के किले में कालिका माता, जयपुर के आमेर किले में शीला देवी और अजमेर के पास नौसर माता जैसे प्रसिद्ध मंदिरों में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें देखी गई।
त्रिपुरा सुंदरी माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष कांति लाल पांचाल ने जानकारी दी कि मंदिर को नवरात्रि के मौके पर विशेष रोशनी से सजाया गया है। यह मंदिर बांसवाड़ा से लगभग 15 किलोमीटर दूर तलवाड़ा में स्थित है। जहां घटास्थापना का समारोह पंडित निकुंज मोहन पांड्या के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मंदिर प्रबंधक जगतेश पांचाल ने बताया कि दोपहर तक 10,000 से भी अधिक श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच चुके थे। राजस्थान के साथ-साथ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजाम किए गए हैं।

चित्तौड़गढ़ के किले स्थित कालिका माता मंदिर में वैदिक मंत्रों के जाप के साथ महाआरती का आयोजन किया गया। मंदिर महंत रामनारायण पुरी और अन्य ब्राह्मणों ने एकलिंगनाथ ट्रस्ट के अधिकारियों की उपस्थिति में अनुष्ठान संपन्न किया। नवरात्रि के दौरान यहां देशभर से भक्त अपनी मनोकामनाओं के साथ आते हैं। मेवाड़ के पूर्व शाही परिवार द्वारा आयोजित नौ दिवसीय चंडी पाठ अनुष्ठान का समापन पूर्णाहुति के साथ होता है।
जोधपुर के पूर्व शाही परिवार के सदस्य गज सिंह ने मेहरानगढ़ किले में स्थित चामुंडा माता मंदिर में पूजा की। नवरात्रि के दौरान इस मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए आते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में कड़ी व्यवस्था की गई है। ताकि आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
जयपुर के आमेर किले में शीला माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। इसी प्रकार अजमेर के पास पुष्कर रोड स्थित नौसर माता मंदिर में भी भारी भीड़ देखी गई। आमेर का शीला माता मंदिर और अजमेर की नाग पहाड़ी पर स्थित नौसर माता मंदिर दोनों ही श्रद्धालुओं के लिए अटूट आस्था के केंद्र हैं।
नौसर माता मंदिर के पुजारी ने बताया कि भक्तों का इस मंदिर में अटूट विश्वास है और वे नवरात्रि के इस पावन समय में बड़ी संख्या में मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं।
शारदीय नवरात्रि की शुरुआत पर राजस्थान के विभिन्न देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। जिन्होंने पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ अपने आराध्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।












Click it and Unblock the Notifications