बेटे की टीसी लेने आई टीचर की आंख में फेंका मिर्ची पाउडर फिर गला रेतकर हत्या
जयपुर। राजस्थान के कोटा जिले में स्थित इटावा के एक निजी स्कूल के गेट पर महिला टीचर की गला रेत कर हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। तीन अज्ञात हमलावरों ने गला रेतने से पहले महिला की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका था। टीचर को लहूलुहान और बुरी तरह तड़पता देख छात्रों के होश उड़ गए। पुलिस को महिला के पति पर शक है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है।

यह मामला कोटा जिले के इटावा में पीपल्दा रोड स्थित एक निजी स्कूल परिसर में दिनदहाड़े हुआ। पुलिस ने मृतिका के पिता की रिपोर्ट पर उसके पति के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार राजकीय सीनियर विद्यालय में टीचर राजकंवर नागर दोपहर को एक विद्यार्थी गोलू बैरवा के साथ बाइक पर अपने बच्चे की टीसी लेने विद्यालय गई थी। जब वे फीस जमा करके स्कूल से बाहर निकली, तब गेट पर अचानक अज्ञात हमलावर आए जिन्होंने टीचर की आंखों में मिर्ची फेंक दी। मिर्ची पाउडर के कारण आंखों में जलन मचने से वह बुरी तरह घबरा गई और इस बीच हमलावरों ने उनका गला रेत डाला।
स्कूल के गेट पर लहूलुहान और पूरी तरह तड़पता देख छात्र घबरा गए। जिस छात्र के साथ वे फीस जमा करने आई थी वह दौड़ कर पास के समाज कल्याण छात्रावास पहुंचा और उसने स्टाफ को घटना की जानकारी दी। हमलावर घटना को अंजाम देकर तब तक भाग चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल टीचर को इटावा अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाधिकारी संजय रॉयल के अनुसार मृतक राजकंवर के पिता ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह करीब आठ साल पहले अयाना निवासी कौशल नागर के साथ हुआ था। शादी के कुछ सालों बाद से ही दोनों में झगड़ा होने लगा। पति उस पर शक कर मारपीट करता था। इससे परेशान होकर वह दो साल पहले इटावा के सरोवर नगर में किराए से रहने लगी। कौशल वहां भी आकर मारपीट करता था। परेशान होकर उसने 6 सितंबर को थाने में पति के खिलाफ शिकायत करी थी। उनके अनुसार फिलहाल पहला शक कौशल नागर पर ही जा रहा है जिसकी तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें- ईवीएम की चाबी भाजपा के पास,अगला चुनाव बैलट पेपर से हो- धर्मेंद्र यादव












Click it and Unblock the Notifications