Rajasthan : थाना प्रभारी ने सरेआम भाजपा पार्षद की बाल पकड़कर कर डाली धुनाई, VIDEO वायरल
भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर पुलिस की दबंगई का एक नमूना उस समय देखने को मिला जब सड़क किनारे रह रहे गाड़िया लोहारों को हटाने के लिए पुलिस व प्रशासन पहुंचा था। तब गाड़िया लोहारों को वहां से नहीं हटाने की मांग को लेकर उनके साथ आंदोलन कर रहे भाजपा पार्षद ने जब इसका विरोध किया तो नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद मीणा ने पार्षद की सरेआम बाल पकड़कर धुनाई कर डाली।

मामले के अनुसार नगर कस्बे में सीकरी रोड स्थित उपखंड कार्यालय के बाहर सड़क किनारे रह रहे गाड़िया लोहारों को प्रशासन की ओर से हटाने की कार्रवाई का शंखनाद फाउंडेशन संस्था के संयोजक, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सदस्य व पार्षद वेद प्रकाश पटेल ने विरोध जताया।

इस पर नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद मीणा ने बाल खींचते हुए मारपीट कर डाली। फिर उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान प्रशासन व पुलिस के साथ पार्षद की तीखी नोकझोंक भी हुई। इससे पूर्व गाड़िया लोहारों ने स्वयं का पुनर्स्थापन करने की मांग को लेकर दिनभर उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

भाजपा पार्षद वेद प्रकाश पटेल वहां पहुंचे तथा प्रशासन की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इस पर प्रशासन ने पार्षद को समझाने की कोशिश की, लेकिन पार्षद नहीं माने तो सख्ती बरती गई। इस संबंध में थाना प्रभारी मीणा का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर एसडीएम व तहसीलदार कोर्ट के सामने से गाड़िया लोहारों को हटा रहे थे। इस दौरान मैं भरतपुर से डीग आ रहा था। तब तहसीलदार का फोन आया कि वेद प्रकाश नाम का पार्षद बदतमीजी कर रहा है। मौके पर पहुंचकर पार्षद को समझाइश की। नहीं मानने पर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications