भाजपा विधायक रामबिलास मीणा की अपनी ही सरकार के मंत्री से नाराजगी, कहा-'प्रदेश में सरकार बदलने का एहसास नहीं'
Rajasthan News: राजस्थान के लालसोट से भाजपा विधायक रामबिलास मीणा ने अपनी ही सरकार के मंत्री के प्रति नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने क्षेत्र में एईएन-जेईएन और अन्य अधिकारियों की नियुक्ति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस समस्या पर मंत्री से कई बार चर्चा करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला है।
रामबिलास मीणा ने ट्रांसफर पोस्टिंग के मामले को लेकर शहरी विकास और आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मंत्री से चार बार मिलने के बावजूद मंत्री ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। सूत्रों के मुताबिक विधायक मीणा और मंत्री खर्रा के बीच इस मुद्दे पर बहस भी हुई। विधायक ने मंत्री पर जनता के मुद्दों के प्रति उदासीन होने का आरोप लगाया है।

विधायक रामबिलास मीणा ने कहा कि कई विधायकों को सरकारी काम न होने की इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिससे ऐसा लगता है कि उनकी पार्टी प्रदेश में सत्ता में नहीं है।
कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने इस मामले को लेकर कहा कि राजस्थान में तबादलों पर रोक है। उन्होंने कहा कि अगर विधायक रामबिलास मीणा को यह बात समझ में नहीं आती है तो मैं कुछ नहीं कर सकता। यह उनकी सोच है। मैं इस पर कुछ नहीं कह सकता।
भाजपा विधायक मीणा का असंतोष पार्टी और सरकार के भीतर चल रहे अंतर्विरोध की और इशारा करता है। अब देखना होगा कि विधायक रामबिलास मीणा की नाराजगी का सरकार पर क्या असर पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications