अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा : वाहन चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाकर उठाते थे बीमा के पैसे
अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा : वाहन चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाकर उठाते थे बीमा के पैसे
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में वाहन क्रय-विक्रय के नाम पर फाइनेंस कंपनियों को करोड़ों का चूना लगाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। भरतपुर पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भरतपुर के भुसावर, अलवर, दौसा, करौली समेत प्रदेश के कई जिलों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

वाहन चोरी की झूठी रिपोर्ट करवाते दर्ज
थाना प्रभारी राजेश खटाना ने बताया कि पुलिस थाने पर वाहनों को खुर्द-बुर्द कर वाहन चोरी की झूठी रिपोट दर्ज कराकर बीमा कंपनी से बीमा राशि उठाने के कई मामले दर्ज हुए थे। मामले की गंभीरता को लेकर भरतपुर एसपी डॉ.अमनदीप सिंह कपूर ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए और धरपकड़ के लिए भुसावर और डीएसटी की टीम गठित की गई।

26 अगस्त को दी थी दबिश
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में गांव पैण्डका समेत कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी भाग निकलते थे। जिस पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और 26 अगस्त को नगर थाना क्षेत्र के गांव पैण्डका में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी और मुख्य सरगना पैण्डका निवासी दलवीर सिंह गुर्जर पुत्र गोविंद सिंह और उसके भाई हुकुम सिंह गुर्जर को धर दबोचा।

अकेले भुसावर में सात मामले दर्ज
आरोपियों के खिलाफ अकेले भुसावर थाने पर 7 मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों साल 2011 से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होकर धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसके लिए वो भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसा कर वाहन खरीद करवाते हैं और बाद में उसे चोरी करवा कर बीमा उठा लेते हैं।

यूपी से भी जुड़े हैं तार
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी करीब 10-11 जेसीबी मशीन, 40 ट्रैक्टर, 20 बोलेरो गाड़ी समेत अन्य वाहन फाइनेंस कंपनियों के जरिए डाउन पेमेंट पर खरीद कर उन्हें बेच चुके हैं। गिरोह में नगर थाने के गांव बरखेड़ा निवासी भरतलाल उर्फ भरती जाट पुत्र रघुनाथ जाट, गांव सिरथला निवासी हसंराम उर्फ हंसा पुत्र दाताराम गुर्जर, मथुरा जिला के बरसाना थाना के गांव लोहरवाड़ी लक्ष्मण उर्फ पटवारी गुर्जर पुत्र प्रहलाद गुर्जर भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications