Aravalli Hills: उत्तराखंड में नंदा देवी और सिक्किम में कंचनजंगा, राजस्थान में कौनसी है सबसे ऊंची चोटी?
Aravalli Hills: भारत की सबसे प्राचीन पर्वत श्रृंखला अरावली इन दिनों एक नई बहस के केंद्र में है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरावली की परिभाषा तय करने और खनन पर कड़े रुख के बाद यह पर्वतमाला (Aravalli Hills Range) एक बार फिर सुर्खियों में है। राजस्थान की 'रीढ़ की हड्डी' कही जाने वाली यह श्रृंखला न केवल एक भौगोलिक पहचान है, बल्कि यह मरुस्थल को रोकने वाली एक अभेद्य दीवार भी है।
हालांकि, हम इस आर्टिकल में अरावली को लेकर चल रहे विवाद से परे एक अलग विषय पर बात करने वाले हैं। जैसे उत्तराखंड की पहचान नंदा देवी और सिक्किम की कंचनजंगा से है, वैसे ही राजस्थान की शान अरावली पर स्थित गुरु शिखर है। आज हम इसी बारे में जानेंगे, डिटेल में...

Aravalli Hills: गुरु शिखर: राजस्थान का 'क्राउन'
राजस्थान की भौगोलिक संरचना का सबसे जरूरी हिस्सा अरावली को कहना गलत नहीं है। जैसे उत्तराखंड की पहचान नंदा देवी और सिक्किम की कंचनजंगा से है, वैसे ही राजस्थान का गौरव गुरु शिखर है। यह शिखर अरावली माउंटेन रेंज में है। यह न केवल राज्य की सबसे ऊंची चोटी है, बल्कि पूरे मध्य और पश्चिमी भारत का हाईएस्ट पॉइंट भी मानी जाती है।
Aravalli Hills Range: कितनी है गुरु शिखर की ऊंचाई?
माउंट आबू के सुरम्य इलाके में स्थित गुरु शिखर की ऊंचाई समुद्र तल से 1,722 मीटर है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि इस शिखर पर भगवान दत्तात्रेय का एक प्राचीन मंदिर बना है। यदि मंदिर के शिखर को भी इसमें जोड़ लिया जाए, तो इसकी प्रभावी ऊंचाई 1,727 मीटर तक पहुंच जाती है।
क्यों कहते हैं गुरु शिखर को 'संतों का शिखर'?
मशहूर इतिहासकार कर्नल जेम्स टॉड यहां के शांत और आध्यात्मिक माहौल से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने इसे 'संतों का शिखर' नाम दिया। शिखर पर स्थित मंदिर परिसर में लगा एक विशाल घंटा भी लोगों के बीच खास पहचान रखता है, जिसकी आवाज पहाड़ियों में दूर तक गूंजती है।
गुरु शिखर केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण है। यहां 'फिजिकल रिसर्च लैबोरेटरी' (PRL) की माउंट आबू वेधशाला स्थित है। यहां स्थापित 1.2 मीटर का इन्फ्रारेड टेलीस्कोप अंतरिक्ष की गहराइयों को खंगालने और ब्रह्मांडीय शोध के लिए भारत की सबसे प्रमुख जगहों में से एक है।
अरावली की 5 सबसे ऊंची चोटियां (5 Highest Peaks of Aravalli Range)
अरावली की सबसे ऊंची चोटियां मुख्य रूप से सिरोही और उदयपुर जिलों में स्थित हैं:
| चोटी का नाम | जिला | ऊँचाई (मीटर में) |
| गुरु शिखर | सिरोही | 1,722 |
| सेर | सिरोही | 1,597 |
| दिलवाड़ा | सिरोही | 1,442 |
| जरगा | उदयपुर | 1,431 |
| अचलगढ़ | सिरोही | 1,380 |
नोट: उत्तरी अरावली में सीकर जिले का रघुनाथगढ़ (1,055 मीटर) सबसे ऊंची चोटी है।
Aravalli Hills Range: थार मरुस्थल के सामने 'कुदरती दीवार'
अरावली करीब 2 अरब साल पुरानी है और इसे हिमालय से भी प्राचीन माना जाता है। समय के साथ घर्षण के कारण इसकी ऊंचाई कम हुई है। इसलिए इसे 'अवशिष्ट पर्वत' (Residual Mountain) कहा जाता है। गुजरात के पालनपुर से दिल्ली तक 692 किलोमीटर लंबी यह श्रृंखला थार मरुस्थल के लिए एक प्राकृतिक दिवार का काम करती है। यह मरुस्थल की रेतीली आंधियों को पूर्वी राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली की ओर बढ़ने से रोकती है।
ये भी पढ़ें: Aravalli Hills Controversy: राजस्थान के किन जिलों से होकर गुजरती है अरावली? क्यों दहशत में हैं 8 करोड़ लोग?












Click it and Unblock the Notifications