इटैलियन चश्मा पहनकर दिन में सपना देखते हैं राहुल बाबा- अमित शाह
जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अपना इटैलियन चश्मा उतारें और दिन में सपने देखना भी छोड़ दें। वे ऐसे सपने देखना तो बिलकुल छोड़ दें, जिनका पूरा होना सम्भव नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा पूछते हैं कि एनडीए की मोदी सरकार ने क्या किया, जिससे जनता वोट दे। वे केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद 19 राज्यों के परिणामों को देखें, समझ आ जाएगा कि हमने क्या किया। हमने पांच साल में वो किया है, जो कांग्रेस की सरकारें 60 साल में नहीं कर सकीं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत से फिर सरकार बनाएगी।

कांग्रेस को बताया देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा
अमित शाह आरोप लगाया कि आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों में भ्रष्टाचार हुआ और घुसपैठियों को शरण मिली। आज भी जब केंद्र की मोदी सरकार घुसपैठियों को निकालना चाह रही है, तो कांग्रेस रोड़े अटका रही है। अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी को देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि यूपीए की मनमोहन सरकार में सीमा पार से गोली चलती थी, तो सेना दिल्ली से संदेश का इंतजार करती रहती थी। लेकिन अब सीमा पर मोर्चा सम्भाल रहे जवानों को पता है कि गोली का जवाब गोले से देना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं व जनता से कहा कि एनडीए की मोदी सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे आपका सिर शर्म से झुक जाए।
शेखावाटी को किया सलाम, सेना है प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि जब से एनडीए की सरकार बनी है, देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। सेना के जवान और शहीद इस सरकार की प्राथमिकता है। शेखावाटी की इस धरती पर गर्व है कि इस क्षेत्र के 70 हजार से ज्यादा फौजी देश की विभिन्न सीमाओं पर सुरक्षा के लिए तैनात हैं। करगिल युद्ध में केवल सीकर से 114 से ज्यादा शहीद हुए थे। हमारे जवान रेगिस्तान में 46 डिग्री से अधिक और लेह लद्दाख में माईनस 46 से अधिक तापमान झेलकर भी पराक्रम दिखाते हैं, तभी हम देश में शांति से होली और दीपावली मना पाते हैं। मोदी सरकार ने दशकों से चली आ रही वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरे करके देश के सैनिकों का सम्मान बढ़ाने का किया है।
मां भारती को शिखर पर पहुंचाने के लिए जीतना है चुनाव
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को कहा कि आने वाले चुनाव मां भारती को शिखर पर पहुंचाने के लिए जीतना है। खुद के लिए कहा कि सभी गिले शिकवे मेरे खाते में डाल दो। ये भाजपा कार्यकर्ता का चुनाव है। भाजपा में ही सम्भव है कि पोस्टर लगाने वाला छोटा सा कार्यकर्ता भाजपा अध्यक्ष है और एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री। ये केवल भाजपा में ही सम्भव है, दूसरी किसी भी पार्टी में नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि देश में फिर भाजपा सरकार बनानी है। अमित शाह बृहस्पतिवार को सीकर और बीकानेर के दौरे पर रहे। वे सीकर में पूर्व सैनिकों से मिले और बीकानेर में अनुसूचित जाति के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इसके साथ ही दोनों जगहों पर शक्ति केंद्र प्रमुखों के कार्यक्रम में शामिल होकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
ये भी पढे़ं- सना का बयान दर्ज, बोलीं- लखनऊ पुलिस मेरी सुरक्षा कर रही है, मुझे उनपर पूरा भरोसा












Click it and Unblock the Notifications