मां ने मोबाइल नहीं दिया तो 10 साल के बच्चे ने छोड़ा घर, पंजाब से चूरू आया
मोबाइल की लत बच्चों से उनका बचपन छीन रहा। नतीजा बच्चे असामान्य व्यवहार करने लगे हैं। इसका ताजा मामला राजस्थान के चूरू जिले में सामने आया है। यहां पर पंजाब का बच्चा मिला है, जो अपने घर से सिर्फ बात पर भाग कर चूरू आ गया कि उसी मां ने उसे मोबाइल फोन नहीं दिया।
चूरू बाल अधिकारिता विभाग की ओर से चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि चूरू जिले के गांव परिहार में दस साल का बच्चा लावारिश हालात में घूम रहा है। सूचना मिलने पर बाल अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक नरेश बरोठिया के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची। बच्चे को रेस्क्यू करके जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय में लेकर आई।

बच्चे ने अपना अफजल व पंजाब के गुरदारपुर जिले के सहारनपुर का रहने वाला बताया। अफजल की उम्र महज 10 साल है। उसने चाइल्ड हेल्पलाइन टीम चूरू को बताया कि उसकी मम्मी ने उसे चलाने के लिए मोबाइल फोन नहीं दिया। इस वजह से गुस्सा हो गया और घर से निकल आया।
वह गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। बिना किसी जान-पहचान और बिना किसी मंजिल व टिकट के ट्रेन में बैठ गया और चूरू जिले में पहुंच गया। जिला परियोजना अधिकारी पन्ने सिंह ने बताया कि बालक इससे ज्यादा जानकारी देने में सक्षम नहीं है। उसे रात्रि विश्राम के लिए राजकीय संप्रेषण गृह में अस्थाई प्रवेश दिलाया गया है।
गुरदासपुर व चूरू के बीच की दूरी 513 किलोमीटर है। ट्रेन से सफर करने में 9 घंटे से ज्यादा का समय लगता है। चूरू चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम बालक से अच्छे माहौल में लाकर पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्रवाई में हेल्पलाइन के सुपरवाइजर नरपत सिंह, रविंद्र सिंह, सुभाष कुमार, अमन छापरवाल, निखिल सिंह, रूपेंद्र रिडखला का सहयोग रहा। चूरू चाइल्ड हेल्पलाइन टीम अफजल के परिजनों से सम्पर्क करने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications