50 स्कूली बच्चों से भरी बस को ड्राइवर ने पानी में उतारा, बन आई थी जान पर
जयपुर। जयपुर के नजदीक दौसा जिले के लालसोट में एक लापरवाह बस ड्राइवर ने स्कूल की बस को गहरे पानी में उतार दिया। बस में कुल मिलाकर 50 स्कूली बच्चे सवार थे। ड्राइवर की एक गलती से उन बच्चों की जान पर बन आई। बस में पानी भरने के कारण बस में अफरा तफरी मच गई। हालांकि घटना स्थल मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने बस में से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। किसी ने रस्सी का इंतजाम किया, तो कोई अपनी जान जोखिम में डालते हुए बस की छत पर पहुंचा। लेकिन गनीमत रही कि बच्चों को कोई नुकसान नहीं हुआ।

राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। ऐसे में कई जगह अंडरपास लबालब हो गए हैं। जयपुर के लालसोट स्थित जगेनर गांव में ऐसे ही अंडरपास में एक स्कूली बस पानी में फंस गई। यह अंडरपास दौसा-गंगापुर रेलवे लाइन पर है। यहां ड्राइवर ने बस रोकने के बजाय पानी में उतार दी और जब तक वो ब्रेक लगा पाता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बस पानी में खिड़कियों तक डूब चुका था।
इसके बाद जब बस को पीछे लेने की कोशिश की, तो यह कोशिश नाकाम रही और बस बंद हो गई। जिसके पबस के भीतर पानी घुसने लगा। बच्चों ने बस के भीतर पानी भरता देक चीखना-चिल्लाना शुरु कर दिया। अपनी जान बचाने के लिये छात्र बस की छत पर चढ़ने लगे। बड़े छात्रों ने छोटे छात्रों की मदद की और उन्हें सहारा देकर बस की छत तक पहुंचाया। बड़े बच्चों की सूझ-बूझ से छोटे बच्चों को भी कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस बीच आस-पास के ग्रामीणों ने शोर सुना, तो वे बस की तरफ दौड़े चले आए। ग्रामीणों ने बच्चों को बचाने के उपाय शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों द्वारा रामगढ़ पचवारा पुलिस थाने को सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भी ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बाहर निकालने के प्रयास किए। डेढ़ घंटे के भीतर सभी बच्चों को बस से बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार इस इलाके में रात से ही बारिश हो रही थी। प्रशासन का मानना है कि यहां सुबह तक सात इंच बारिश गिरी। यहां कई जगह बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications