राजस्थान में भारत-पाक बॉर्डर के गांवों से 20 लोग पकड़े गए, सरहद पार से संदिग्ध कॉल आने का शक
जैसलमेर, 1 मार्च। राजस्थान में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के गांवों में धमाकों की आवाजें सुनाई देने के साथ ही कई लोगों की धरपकड़ भी हुई है। हालांकि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों ने अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाकर 20 से भी ज्यादा लोगों को डिटेन किया है। इनको पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर से पकड़ा गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। डिटेन किए गए लोगों के नामों का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है।
न्यूज 18 की खबर के अनुसार भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से सटे जिलों से जिन लोगों को डिटेन किया गया है उनके पास सरहद पार से पाक से फोन आये हैं। ये फोन जिन लोगों के पास आये हैं उनकी वहां बातचीत भी हुई है। मामला संदिग्ध होने की सूचना मिलने पर सोमवार को स्टेट इंटेलिजेंस ने छापा मारकर इन लोगों को डिटेन किया है। इनसे लगातार पूछताछ चल रही है। सरहद पार पाक से स्थानीय लोगों के रिश्तों को लेकर राजस्थान में अब तक की ये सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
बता दें कि जैसलमेर में फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय वायुसेना अपना शक्ति प्रदर्शन 'वायु शक्ति' के नाम से करने जा रही है। इस प्रदर्शन को लेकर सरहद पार की एजेंसियां भी जानकारियां जुटाना चाह रही हैं। सरहदी जिलों में कई लोगों को अलग-अलग नाम से फोन करके इस बारे में पूछताछ किए जाने की सूचना है। इसको लेकर स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। इसको रोकने के भरकस प्रयास हो रहे हैं। सोमवार को हुई इस कार्रवाई को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications