Sikar Corona : क्या राजस्थान के गांव खीरवा में एक शव ने ली 20 लोगों की जान, मंत्री की पोस्ट वायरल
सीकर, 6 मई। कोरोना वायरस का कहर बरपते करीब डेढ़ साल होने को आया है। फिलहाल हम कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में हैं। कोरोना संक्रमण के कारण अब तक लाखों लोग जान गंवा चुके हैं, मगर सबसे चौंका देने वाला मामला राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ उपखंड के गांव खीरवा में सामने आया है।

गांव खीरवा में बीस लोगों की मौत
सीकर जिले के गांव खीरवा ( Kheerawa Sikar) के बारे में दावा किया जा रहा है कि एक शव को छूने के कारण बीस लोगों को जान गंवानी पड़ी है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर खूब तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं। गांव खीरवा राजस्थान के शिक्षा राज्यमंत्री और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के विधानसभा क्षेत्र में अंतर्गत आता है।

मंत्री के नाम से वायरल हो रही पोस्ट
सोशल मीडिया पर खुद गोविंद सिंह डोटासरा के नाम से फेसबुक पोस्ट का स्क्रीन शॉट वायरल हो रहा है, जिसमें भी यही दावा किया जा रहा है कि गांव खीरवा में एक शव को छूने के कारण यहां पर कोरोना वायरस का संक्रमण खतरनाक ढंग फैल गया है। बीस लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि वन इंडिया हिंदी इस स्क्रीन शॉट की सत्यतता की पुष्टि नहीं करता है।

क्या लिखा है मंत्री डोटासरा के नाम से वायरल पोस्ट में
बता दें कि राजस्थान के शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के नाम से वायरल हो रहे सोशल मीडिया अकाउंट की पोस्ट के स्क्रीन शॉट में लिखा है कि विधानसभा लक्ष्मणगढ़ के गांव खीरवा में गुजरात से आए एक पार्थिव शरीर के छूने की वजह से आज पूरा गाँव ख़तरे में है। बड़े दु:ख के साथ कहना पड़ रहा है कि इस गाँव के 20 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कई संक्रमित हैं। पिछले 10 दिनों से हम संक्रमण रोकने की और संक्रमित लोगों के इलाज की हर कोशिश कर रहे हैं।

सीएमएचओ ने गांव खीरवा में भेजी टीम
इस मामले में सीकर सीएमएचओ डॉ. अजय चौधरी बताते हैं कि मामला जानकारी में आया तो जिला मुख्यालय से डॉ. विशाल सिंह के नेतृत्व में गांव खीरवा में टीम भेजकर जांच शुरू करवाई है। साथ ही गांव खीरवा को सैनेटाइज भी करवा रहे हैं। आगे भी उचित और सख्त कदम उठाएंगे, मगर जिले में एक-एक व्यक्ति को कोरोना से बचाएंगे। खीरवा में हुई मौतों की जांच करवा रहे हैं।

सूरत से आया था शव
पूरे मामले में यह जानकारी भी सामने आ रही है कि गुजरात के सूरत से कोरोना संक्रमित व्यक्ति का शव गांव खीरवा में आया था, जिसका जनाजा निकाला गया और फिर सुपुर्द ए खाक किया गया था। आशंका है कि इसी दौरान बड़ी संख्या में गांव खीरवा के लोग कोरोना से संक्रमित हो गए और अप्रेल व मई में यहां 20 लोगों की मौत हो गई। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये बीस मौतें कोरोना की वजह से हुई है या किसी अन्य बीमारी से।
SIKAR : हिंदू-मुस्लिम के रिश्तों में घुली मिठास, धर्म की बेटी सलमा बानो के पुत्र जन्म पर उपहार लेकर पहुंचा जाट परिवार
यह टीम पहुंची गांव खीरवा में
सोशल मीडिया की एक अन्य पोस्ट में लिखा गया है कि ग्राम पंचायत खीरवा में 15 अप्रेल 2021 से अब तक 21 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है। इसको गंभीरता से लेते हुए माननीय शिक्षा मंत्री राजस्थान सरकार एवं लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार जिला स्तरीय चिकित्सा टीम ने उपखण्ड अधिकारी डॉ. कुलराज मीणा के पर्यवेक्षण में ग्राम पंचायत खीरवा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी भूरा राम, खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शीशराम भी मय चिकित्सा टीम मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications