Durg के चरौदा की घटना को कांग्रेस ने बताया निंदनीय, नेताओं से अपील स्तरहीन बयानबाजी कर माहौल खराब ना करें
दुर्ग/ रायपुर, 06 अक्टूबर। बच्चा चोरी के शक में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भीड़ ने साधुओं की बेदम पिटाई कर दी है। इस मामले पर अब जमकर सियासत हो रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बयान जारी करके भूपेश सरकार पर निशाना साधा है,तो वहीं कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने लगाई सवालों की झड़ी
मुख्यमंत्री के गृह जिले दुर्ग में साधुओं की हुई बेरहमी से पिटाई पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कांग्रेस से सवालों की झड़ी लगा दी है। उन्होंने सवाल किया की प्रदेश में अगर कोई अफवाह फैला रहा है तो सरकार समय रहते उस पर लगाम क्यों नहीं लगा पाई ? साव ने सवाल किया कि ऐसा क्या हो गया है कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में जब मुख्यमंत्री स्वयं वहां मौजूद थे,तब उनकी मौजूदगी में इतनी बड़ी घटना छत्तीसगढ़ में हो गई और पुलिस कुछ भी कहने से बचती रही?
साव ने सवाल किया कि मंदिरों के पुजारी, मंदिरों के बाहर बैठने वाले भिक्षुक, साधु संत, पूजा पाठ करने वाले लोगों की सुरक्षा के प्रति सरकार उदासीन क्यों है?श्री साव चिंता जताई की कही ऐसा न हो कि अफवाह के चलते किसी निर्दोष व्यक्ति की जान चली जाए? साव ने कहा की एसपी ने खुद पुष्टि कर दी है की बच्चा चोरी का कोई मामला नही है तो फिर इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई?

कांग्रेस की अपील माहौल ख़राब ना करें BJP
वहीं इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि तीन साधुओं के साथ मारपीट की घटना निंदनीय है अस्वीकार्य है।पुलिस ने एफआईएआर दर्ज कर ली है। इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।जन सामान्य से अपील है कि अफवाहों में आकर कानून हाथ मे न ले । उन्होंने भाजपा नेताओं की नसीहत देते हुए कहा कि राजनैतिक दलों से अनुरोध है घटना का गलत प्रस्तुतिकरण न करे अनर्गल गलत बयान बाजी से समाज का माहौल खराब होता है।

दोषियों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई: गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू
वहीं इस मामले में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का कहना है कि घटना के बारे में जानकारी मिली है, लेकिन घटना के क्या कारण रहे हैं, वह पता किया जा रहा है, फिलहाल पूरा मामला जांच में है। कारणों का पता चलने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बच्चा चोरी के संदेह में भीड़ ने कुछ साधुओं की जमकर धुनाई कर दी। भीड़ शामिल लोगों ने लात- घूंसे और डंडे चलाकर साधुओं को जमकर पिटाई की। घटना में एक साधु का सिर फूट गया,जबकि अन्य दो 2 गंभीर तौर पर घायल हुए हैं। भिलाई-03 थाना ने इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
यह भी पढ़ें Adipurush Controversy: भाजपा के निशाने पर ओम राउत, नरोत्तम मिश्रा के बाद राजेश मूणत ने जताई आपत्ति












Click it and Unblock the Notifications