छत्तीसगढ़ः कोरोना से जान गंवाने वाले पत्रकारों के परिवार को बघेल सरकार पांच लाख की करेगी मदद
रायपुर। कोरोना की इस दूसरी लहर में आम लोगों व कोरोना वॉरियर्स के साथ-साथ कई पत्रकारों ने अपनी जान गंवाई है। इसके बाद उनके परिवार में आर्थिक संकट गहराया हुआ है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कोरोना के चपेट में आए पत्रकारों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते जान गंवाने वालों मीडियाकर्मी के आश्रित परिजनों को राज्य सरकार पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि इसके साथ ही जिन मीडियाकर्मी ने कोविड-19 से पीड़ित होने पर अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराया है, उनके इलाज में आए खर्च की प्रतिपूर्ति भी राज्य शासन करेगा।

पत्रकारों को यह सहायता संचार प्रतिनिधि कल्याण सहायता नियमों के तहत दी जाएगी। जनसंपर्क संचालनालय की तरफ से इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। सीएम की इस घोषणा के बाद प्रदेश में मीडियाकर्मियों को लाभ दिलाने के लिए जल्द ही पत्रकार कल्याण कोष समिति की बैठक बुलाई जाएगी।
बता दें कि हाल ही में केंद्र ने भी कोरोना की वजह से जान गंवाने वाले पत्रकारों के करीबी परिजन को वित्तीय सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। सरकार की तरफ से कहा गया है कि वो पत्रकार कल्याण योजना के तहत पीडि़त परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। आपको बता दें कि केंद्र सरकार की तरफ से वर्ष 2020 में 41 पत्रकारों के परिवारों को इस योजना के तहत मुआवजा राशि दी गई थी। गुरुवार को हुई घोषणा के बाद इनकी संख्या 67 हो जाएगी। इसके लिए पीआईबी की वेबसाइट पर पूरी जानकारी ली जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications