भूपेश सरकार के दो साल पूरे होने पर बलरामपुर से सुकमा तक दौड़ा पूरा छत्तीसगढ़
रायपुर। भूपेश बघेल सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज वर्चुअल मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में एक लाख से ज्यादा लोगों ने दौड़ लगाई। बता दें कि बलरामपुर से सुकमा तक सभी 28 जिलों के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। इस मैराथन के लिए सुबह 6 बजे से 11 बजे तक का समय तय किया गया था, समय-सीमा बीतने के बाद भी मैराथन जारी था। बता दें कि इस आयोजन में सीएम बघेल भी शामिल हुए।

राज्य के खेल एवं युवा कल्याण तथा जनसंपर्क विभाग ने कोरोना की परिस्थितियों को देखते हुए इस खास तरह के मैराथन का आयोजन किया था। आम-तौर पर आयोजित किए जाने वाले मैराथन से अलग इस वर्चुअल मैराथन में कोरोना-काल की सावधानियों को देखते हुए प्रतिभागियों को कोविडकाल के नियमों का पालन करते हुए सोशल मीडिया पर अपनी दौड़ती हुई तस्वीर या वीडियो अपलोड करनी थी।
आयोजन की थीम 'बात हे अभिमान के, छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान के' तय की गई थी। तस्वीरें और वीडियो हैशटैग runwithchhattisgarh के साथ अपलोड करने की अपील की गई थी। फेसबुक और ट्वीटर पर यह हैशटैग दिनभर ट्रेंड करता रहा। आयोजन में शामिल होने के लिए 71 हजार लोगों ने पंजीयन कराया था, लेकिन सुबह 11 बजे तक एक लाख से अधिक लोग इस आयोजन में शामिल हो चुके थे।
इस वर्चुअल-मैराथन की शुरुआत सीएम भूपेश बघेल ने शामिल होकर की। उन्होंने खास टीशर्ट के साथ दौड़ते हुए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड की। साथ में लिखा, 'मैं, मेरे साथ मेरे छत्तीसगढ़ की जनता और साथ में दौड़ रहा है "छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान" आप भी दौड़ें और #RunWithChhattisgarh के साथ सोशल मीडिया पर फोटो/वीडियो साझा करें।' वहीं, आयोजन को लेकर आम लोगों में भी अच्छा उत्साह नजर आया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने अपनी भागीदारी निभाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें अपलोड कीं।









Click it and Unblock the Notifications