छत्तीसगढ़ः पिछले 24 घंटे में सामने आए कोरोना के 15 हजार से अधिक मामले, 210 संक्रमितों की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। बीते मंगलवार को प्रदेश में कोरोना के 15 हजार 785 नए मामले सामने आए। वहीं 210 लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को 11 हजार 308 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1 लाख 24 हजार 459 हो गई है। पिछले सप्ताह यह 1 लाख 17 हजार तक पहुंच गई थी। हालांकि परेशान करने वाली बात यह है कि प्रदेश में हर रोज कोरोना के नए स्पॉट सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में बिलासपुर संभाग में संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है।

बता दें कि बिलासपुर संभाग के रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिले में मरीजों की संख्या एक हजार से अधिक रही है। इस बीच आंध्र प्रदेश में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन को लेकर बस्तर बार्डर पर अलर्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह स्ट्रेन 15 गुना अधिक संक्रामक है। संक्रमण के 4 से 5 दिनों के भीतर यह सांसों की गंभीर समस्या पैदा कर रहा है।
रायपुर और दुर्ग में राहत, मरीजों की संख्या कम हुई
दूसरी ओर राहत की बात यह है कि अप्रैल महीने की शुरुआत में जिस रायपुर और दुर्ग जिले में एक दिन में औसतन 2 हजार से अधिक मरीज मिल रहे थे, वहां अब यह संख्या एक हजार या उससे कम हो गई है। मंगलवार को रायपुर में कोरोना के 1008 नए मरीज मिले। वहीं दुर्ग में संक्रमितों की संख्या 899 रही।
वहीं छत्तीसगढ़ में PM केयर फंड से खरीदे गए 70 वेंटिलेटर पर सरकार और विपक्ष की राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा नेता और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता धरमलाल कौशिक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने PM केयर फंड से घटिया वेंटिलेटर की खरीदी की है। वहीं राज्य सरकार का कहना है कि उसने PM केयर से कोई वेंटिलेटर नहीं खरीदा है। इस राशि से केंद्र सरकार ने ही वेंटिलेटर खरीदकर भेजा था।












Click it and Unblock the Notifications