मोदी के बिना रैली लौटने के बाद पंजाब में बढ़ाई जा रही BJP नेताओं की सुरक्षा, चुनाव प्रभारी को Z+
जालंधर। पिछले दिनों पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा-चूक वाली घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। इन नेताओं में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का नाम सबसे पहले है, जो भाजपा के चुनाव प्रभारी भी हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पंजाब से मिले इनपुट के आधार पर उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। उन्हें अब जेड प्लस सिक्योरटी कवर दिया गया है।

चुनाव प्रभारी शेखावत को जेड प्लस सिक्योरिटी
शेखावत के अलावा, पंजाब में होशियारपुर से सांसद और केंद्र में मंत्री सोमप्रकाश की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। माना जा रहा है कि पंजाब चुनाव में काम कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं को खतरा हो सकता है। खतरे की संभावना को देखते हुए गृह मंत्रालय ने केंद्रीय मंत्रियों के सुरक्षा कवच को फर्स्ट फेज में जेड प्लस कर सुदृढ़ कर दिया है। इससे अलावा विभिन्न दलों से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को भी केंद्रीय सुरक्षा प्रदान की है।

भाजपा के केंद्रीय नेताओं को खतरा हो सकता है?
एक भाजपा नेता ने कहा कि, पिछले दिनों पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जो घटना हुई, उसके बाद देश की सुरक्षा एजेंसियों ने अंदेशा जताया है कि पंजाब चुनाव में काम कर रहे भाजपा के केंद्रीय नेताओं को खतरा हो सकता है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ केंद्रीय मंत्रियों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जो भाजपा के चुनाव प्रभारी भी हैं, की सुरक्षा बढ़ाकर Z+ सिक्योरिटी दे दी गई है।

CM चन्नी के चचेरे भाई हो गए भाजपाई
पंजाब चुनाव से पहले कल CM चन्नी को सियासी झटका लगा। दरअसल उनके चचेरे भाई जसविंदर सिह धालीवाल BJP में शामिल हो गए हैं। उन्हें भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्री ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। बताया जा रहा है कि, वे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ही थे, जिन्होंने जसविंदर सिंह धालीवाल को पार्टी में शामिल कराया। इससे पहले, पंजाब के पूर्व विधायक अरविंद खन्ना और राज्य के कई अन्य राजनेता भाजपा में शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications