Exit Poll: पंजाब में AAP की लहर, योगेंद्र यादव ने केजरीवाल के लिए किया ये ट्वीट
पंजाब में आम आदमी पार्टी को बढ़त दिखाए जाने पर क्या बोले योगेंद्र यादव?
नई दिल्ली, 7 मार्च: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे, लेकिन इससे पहले ही एग्जिट पोल के आंकड़ों ने प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, जहां उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती हुई नजर आ रही है, वहीं उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा को नुकसान होता हुआ दिख रहा है। इन सबके बीच पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर एग्जिट पोल के नतीजे सबसे ज्यादा चौंकाने वाले हैं, जहां आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभर रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी को बढ़त दिखाए जाने के बाद 'आप' के पूर्व नेता योगेंद्र यादव ने भी ट्वीट किया है।

योगेंद्र यादव ने पंजाब चुनाव को लेकर जारी एग्जिट पोल के नतीजों के बाद ट्वीट कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को बधाई दी है। योगेंद्र यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, 'अभी तक के एग्जिट पोल से हम केवल पंजाब के बारे में ही पुख्ता निष्कर्ष निकाल सकते हैं। पंजाब में स्पष्ट तौर पर प्रचंड बहुमत के साथ आम आदमी पार्टी की लहर है। इसके लिए आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को बधाई। मैं आशा करता हूं कि पंजाब के लोगों की जो बड़ी उम्मीदें हैं, आम आदमी पार्टी उनपर खरी उतरेगी।'
पंजाब को लेकर क्या हैं एग्जिट पोल के नतीजे
आपको बता दें कि पंजाब में विधानसभा की 117 सीटें हैं, जिनके लिए एक ही चरण में वोट डाले गए थे। सोमवार को जारी हुए एग्जिट पोल के नतीजों में आम आदमी पार्टी पंजाब में सबसे बड़े दल के तौर पर उभरती हुई नजर आ रही है। एबीपी सी-वोटर के एग्जिट पोल की अगर बात करें तो पंजाब की 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी के खाते में 51 से 61 सीटें जा सकती हैं। वहीं, कांग्रेस को इस चुनाव में बड़ा झटका लग सकता है और उसके हिस्से में केवल 22 से 28 सीटें ही आती हुई नजर आ रही हैं। इसके अलावा 20 से 26 सीटें शिरोमणि अकाली दल, 7 से 13 सीटें भाजपा और 1 से 5 सीटें अन्य दलों के खाते में जाने के आसार हैं।












Click it and Unblock the Notifications