पंजाब: संगरूर लोकसभा के चुनाव के लिए कांग्रेस-भाजपा ने इन नेताओं को बनाया अपना उम्मीदवार
सिद्धू मूसेवाला के पिता नहीं, कांग्रेस से संगरूर लोकसभा उपचुनाव में इस नेता को बनाया उम्मीदवार
संगरूर। पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव होने वाला है। यह वही सीट है, जहां से सांसद पद से इस्तीफा देकर भगवंत मान मुख्यमंत्री बने थे। मान इस सीट पर 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव लगातार जीते थे। मान ने कांग्रेस के दलबीर गोल्डी को 58,206 वाेटाें से हराया था। मगर, कांग्रेस पार्टी ने गोल्डी पर एक बार फिर भरोसा करते हुए अब उन्हें संगरूर से ही लोकसभा उपचुनाव में उतार दिया है। यह गोल्डी का पहला लाेकसभा चुनाव है। वहीं, भाजपा ने यहां केवल ढिल्लों को उतारा है।

कुछ दिन से यह चर्चा हो रही थी कि कांग्रेस पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता को इस लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाएगी। कांग्रेसी नेताओं ने अन्य दलों को भी यह कहा था कि, वे सिद्धू मूसेवाला के पिता को यहां से निर्विरोध चुनाव जिताएं। हालांकि, सिद्धू मूसेवाला के पिता ने चुनाव में हिस्सा लेने से साफ इनकार कर दिया। गौरतलब है कि, विगत 29 मई को ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी।
संगरूर के चुनाव में कांग्रेस को अब धुरी से विधायक रहे दलबीर गोल्डी से ही आस है। इसलिए उनको कांग्रेस ने संगरूर लोकसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। खैर, 15 वर्षों से पार्टी से जुड़े दलबीर गोल्डी इस बार धुरी हलके से भगवंत मान से विधानसभा चुनाव हार गए थे। दलबीर का कहना है कि वह पार्टी की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि, सभी कांग्रेसी नेताओं व वर्करों को एकजुट कर चुनाव लड़ा जाएगा। पंजाब के लोगों ने बदलाव के नाम पर आप को सत्ता दी थी, परंतु तीन माह के कार्यकाल के दौरान ही लोगों का सरकार से मोह भंग हो चुका है। वे फिर से कांग्रेस सरकार को याद करने लगे हैं। उन्हें उम्मीद है कि वह यह सीट जीतकर कांग्रेस की झोली में डालेंगे।
दलबीर आज यानी कि साेमवार की सुबह साढ़े 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। वैसे दलबीर गोल्डी के लिए इस लोकसभा उपचुनाव में पार पाना आसान नहीं है, क्योंकि संगरूर, मालेरकोटला व बरनाला जिलाें में 9 विधानसभा हलकों में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। सभी 9 सीटों पर आम आदमी पार्टी (आप) का कब्जा है। पंजाब में अब आप की ही सरकार है। इसी साल आप ने सबसे बड़ी जीत दर्ज कर सरकार बनाई है।
भाजपा ने इन्हें प्रत्याशी घोषित किया
बीजेपी ने पंजाब के संगरूर में लोकसभा उपचुनाव के लिए केवल सिंह ढिल्लों को अपना उम्मीदवार बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications