बिक्रम मजीठिया ने मोहाली कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, 8 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
चंडीगढ़। ड्रग केस में फंसे शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आज गुरुवार को मोहाली अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उन्हें 8 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। बिक्रम मजीठिया ने कहा कि मैं भारत के सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन कर रहा हूं। 20 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बिक्रम मजीठिया को नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सेटेंस एक्ट, 1985 के तहत एक आपराधिक मामले में 23 फरवरी तक गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की थी, जिसका समय पूरा हो चुका था।

बिक्रम सिंह मजीठिया पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर के भाई हैं और उन्होंने अमृतसर के पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ चुनाव लड़ा है, जिसका परिणाम 10 मार्च को आएंगे। सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ ने पंजाब राज्य को 31 जनवरी तक मजीठिया के खिलाफ कोई भी कठोर कार्रवाई करने से रोक दिया था।
शिरमणि अकाली दल नेता को 23 फरवरी को निचली अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने को कहा था। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत को उनकी जमानत का फैसला करने का निर्देश दिया था। अब उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हो रही है।
बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के भाई मजीठिया पर पंजाब में साल 2018 में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप से संबंधित छानबीन की एक रिपोर्ट के आधार पर 20 दिसंबर को पंजाब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।












Click it and Unblock the Notifications