मोगा से कांग्रेस की चुनावी रैली की शुरुआत करेंगे राहुल गांधी
चंडीगढ़, 27 दिसंबर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अगले साल मोगा से पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। राहुल गांधी 3 जनवरी को मोगा में पहली चुनावी रैली के साथ ही पार्टी के चुनावी अभियान को रफ्तार देंगे। माना जा रहा है कि यह रैली मोगा के किल्ली चहलान गांव में होगा, जहां पर स्थानीय कांग्रेस के नेताओं ने रैली की तैयारी पहले ही शुरू कर दी है। कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू ने बताया कि रैली 3 जनवरी को प्रस्तावित है। मोगा पंजाब का केंद्र है, लिहाजा रैली यहीं से शुरू होगी। किल्ली चहलान की खासियत यह है कि यहां आसानी से माझा, मालवा, दोअबा से आसानी से पहुंचा जा सकता है, इसलिए हम पहली रैली यहीं से करेंगे।

बता दें कि 2019 में भी राहुल गांधी ने पंजाब में कांग्रेस पार्टी की चुनावी रैली की शुरुआत मोगा में किल्ली चहलान से ही की थी। हाल ही में शिरोमणि अकाली दल ने भी अपनी पार्टी के 100 साल पूरे होने के मौके पर इसी जगह पर कार्यक्रम का आयोजन किया था। मोगा से विधायक डॉक्टर हरजो कमाल ने कहा कि किल्ली चहलान में बहुत बड़ी जगह आसानी से खाली रहती है, जहां पर रैली के लिए जरूरी इंतजाम आसानी से किए जा सकते हैं। इसीलिए इसी जगह को फिर से चुना गया है। हमे उम्मीद है कि यहां पर तकरीबन एक लाख लोग रैली में हिस्सा लेने के लिए आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications