सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट, जानिए कौन-से सुबूतों से पेश हुआ चालान?
मानसा। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के गुनहगारों को सजा दिलाने के लिए आज पुलिस ने चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी। इस चार्जशीट में सिद्धू मूसेवाला को गोलियां मारने वाले शूटरों, गैंगस्टर गोल्डी बराड़, अनमोल सचिन व लिपिन नेहरा नामजद हैं। वहीं, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई मास्टरमाइंड बताया गया है। पूरे प्रकरण में 36 आरोपियों के नाम सामने आए, जिनमें से अब 24 आरोपियों के खिलाफ चालाना पेश किया गया है।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की चार्जशीट
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, विदेश में बैठे 4 गैंगस्टरों के नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं। पुलिस द्वारा इस चार्जशीट में कई गैंगस्टरों और शार्प शूटरों का जिक्र किया गया है। जिनमें से मनप्रीत सिंह और जगरूप रूपा का कुछ दिनों पहले एनकाउंटर कर दिया गया था। वहीं, संदीप सिंह उर्फ केकड़ा, प्रियवर्त फौजी, सचिन भवानी, केशव, कशिश, मनमोहन मोहना, दीपक टीनू, मनप्रीत भाऊ, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, अंकित सेरसा और दीपक मुंडी को अब सजा दिलाई जानी है। इनके अलावा दीपक मुंडी नाम का आरोपी अभी फरार चल रहा है।

कई और लोग नामजद किए गए
सूत्रों के अनुसार, आज पुलिस द्वारा अदालत में जो चार्जशीट दाखिल की गई है, उसमें 5 और लोगों को मूसेवाला हत्याकांड में नामजद किया गया है। उनमें से 2 लोग सिद्धू मूसेवाला के गांव मूसा के हैं, वह उसके पड़ोसी ही हैं, जिनका नाम अवतार और जगतार बताया जा रहा है। उनके अलावा जोती, कंवरपाल और जीवन ज्योति को भी नामजद किया गया है। इन लोगों के बारे में सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने डीजीपी को सूचना दी थी। मूसेवाला के पिता ने बताया कि, इन लोगों ने घर की रेकी की थी।
चार्जशीट में 100 से ज्यादा लोगों को सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का गवाह बनाया गया है। जिनमें ज्यादातर सिद्धू मूसेवाला के परिजन और पुलिस अधिकारी हैं।

इन साक्ष्यों के आधार पर पेश किया गया चालान
- कातिलों का सीसीटीवी फुटेज
- कातिलों की गाड़ियां
- थार और ब्लड सेंपल
- 40 से अधिक लोगों के बयान
- कातिलों से बरामद हथियार
- फॉरेंसिक व पोस्टमार्टम रिपोर्ट
- थार में मौजूद दोनों दोस्ती की गवाही
- अन्य परिचितों के बयान












Click it and Unblock the Notifications