मंत्री अमन अरोड़ा को मिली पंजाब में AAP की कमान
Punjab AAP New President: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी छोड़ने की इच्छा जाहिर करने के बाद आम आदमी पार्टी ने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अमन अरोड़ा पार्टी में लोकप्रिय हिंदू चेहरा माने जाते हैं। वहीं, विधायक अमनशेर कलसी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया।
अमन अरोड़ा 2017 में पहली बार सुनाम से आम आदमी पार्टी (AAP) से विधायक बने थे। वर्तमान में पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। इसके साथ ही पार्टी का हिंदू चेहरा हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता अमन शेर सिंह बटाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और पार्टी ने अब उन्हें भी नई जिम्मेदारी दी है।

अमन अरोड़ा ने साझा किया अगला प्लान
आप की पंजाब इकाई के नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अमन अरोड़ा ने कहा, मैं दिन रात संगठन के काम को जनता के बीच ले जाऊंगा। जनता और सरकार के बीच पुल का काम करेगें। अरविंद केजरीवाल जी और भगवंत मान जी के उद्देश्य को पूरा करेंगे। आम आदमी पार्टी का संगठन बिखरा हुआ नहीं था। भगवंत मान साहेब की सरकार अच्छा काम कर रही है।
सीएम मान ने दी बधाई
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट करके अमन अरोड़ा और अमनशेर कलसी को बधाई दी। उन्होंने कहा, आज मैंने पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी अपने दो करीबी साथी कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी को सौंप दी है। पार्टी ने फैसला किया है कि अमन अरोड़ा पार्टी अध्यक्ष और शैरी कलसी वर्किंग प्रेसीडेंट के तौर पर काम करेंगे। मुझे अपने दोनों साथियों पर पूरा विश्वास है कि वे आने वाले समय में पार्टी और संगठन को पंजाब में और मजबूत करेंगे और नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो अमन अरोड़ा की नियुक्ति को पार्टी में धार्मिक संतुलन साधने के रूप में देखा जा रहा है। सीएम भगवंत मान जट सिख समुदाय से आते हैं, वहीं अब हिंदू चेहरा अमन अरोड़ा प्रदेश ईकाई के अध्यक्ष बनाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications