गुरदासपुरः कक्षा 8 की बच्ची के गर्भवती होने पर सामने आया पड़ोसी का घिनौना खेल
गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले के घुम्माण थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पड़ोस में रहने वाला अधेड़ उम्र का व्यक्ति कक्षा आठ में पढ़ने वाली छात्रा को तीन महीने से अपने हवस का शिकार बना रहा था। मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्रा गर्भवती हो गई। परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित कश्मीरी लाल को गिरफ्तार कर लिया है।

अदालत ने आरोपी को दो दिन के लिए रिमांड पर भेजा
वहीं अदालत ने आरोपित को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पीड़िता के अभिभावकों ने आरोप लगाया कि कश्मीरी लाल घर पर ही सुनार का काम करता है। उसकी पत्नी शिक्षिका है। उनकी बेटी घर की छत पर खेलने आती थी। आरोपित ने उसे बहला फुसलाकर उससे लगातार दुष्कर्म करने लगा। बता दें कि पीड़िता के माता-पिता मजदूरी का काम करते हैं और काम के लिए दिनभर बाहर रहते हैं।

अल्ट्रासाउंड कराने पर हुआ खुलासा
कुछ दिन से बच्ची की तबियत खराब रहने लगी। अभिभावक उसे डॉक्टर के पास ले गए। अल्ट्रासाउंड में उसके गर्भवती होने की बात सामने आई। इसके बाद बच्ची ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला अंकल उससे तीन महीने से गंदी हरकत कर रहा है। जांच अधिकारी एएसआई सुखराज सिंह का कहना है कि आरोपित कश्मीरी लाल के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

शनिवार को कराया जाएगा मेडिकल जांच
रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ होगी। डीएसपी बटाला संजीव कुमार का कहना है कि पीड़ित छात्रा का शनिवार को सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications