पंजाब के राजपुरा में फैला डायरिया, 4 बच्चों की मौत, 1 दर्जन बीमार
पटियाला, 05 नवंबर: पंजाब के पटियाला से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई है। पटियाला के जिले राजपुरा में दूषित पानी पीने के चलते चार बच्चों की मौत हो गई। इसके अलावा करीब एक दर्जन लोग बीमार हैं। उन्हें सरकारी और प्राईवेट अस्पतालों भर्ती करवाया गया। मरने वालों में तीन लड़कियां और एक लड़का है। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है जिसे यहां के सरकारी राजिंद्र अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढेहा बस्ती में रहने वाले बच्चों सहित एक दर्जन से अधिक लोगों की दस्त लगने से तबीयत बिगडने लगी, इतना ही नही तबीयत इतनी तेजी से बिगड़ी कि मृतक परिवारों को संभालने तक का मौका नही मिला। बच्चों के नाम साक्षी (5), सान्या (5), चाहत (13) और रमनदीप (9) की मौत हुई है। मनत, जनत, सुनीता, नीलम, संजना, काका, विशाल ऋषि, प्रिंस, वंदना, सालू सहित दर्जन से अधिक बीमार हैं। बच्चों की मौतों से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
आशंका जताई जा रही है कि बस्ती में पानी की पाइपों में सीवरेज का गंदा पानी मिलने के कारण ये घटना हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि मिर्च मंडी में ढेहा बस्ती (झुग्गी बस्ती) में प्रकोप स्थल पर एक चिकित्सा शिविर पहले ही स्थापित किया जा चुका है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ जगपालिंदर सिंह ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में पानी की आपूर्ति रोक दी गई है, जबकि पानी की टंकियों के माध्यम से पीने योग्य पानी की आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा, प्रभावितों के पानी और मल के नमूने राज्य की प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। दो बाल रोग विशेषज्ञ जमीन पर हैं। हमने इलाके में एक सर्वेक्षण भी किया है। सूत्रों ने कहा कि अवैध जल कनेक्शन इस घटना का कारण हो सकता है क्योंकि इस क्षेत्र में हाइड्रोलिक-रैम वाटर पंप का उपयोग बड़े पैमाने पर होता है। सूत्रों ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में कथित तौर पर खराब स्वच्छता की स्थिति थी और पानी के दूषित होने की काफी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications