कभी राजनीति के चलते सीएम भगवंत मान का हुआ था तलाक, इंटरव्यू में खोले थे राज
चंडीगढ़, 07 जुलाई। पंजाब के मुखिया भगवंत मान ने आज हरियाणा की डॉ गुरप्रीत कौर से शादी कर ली है। सीएम भगवंत मान की ये दूसरी शादी है। डॉ गुरप्रीत कौर मूल रूप से हरियाणा के कुरूक्षेत्र की रहने वाली हैं लेकिन उनका परिवार लंबे वक्त से पंजाब में रहता है। आपको बता दें कि इसी साल मार्च में भगवंत मान पंजाब के सीएम बने थे। जिस तरह से आप पार्टी ने पंजाब में प्रदर्शन किया था, उसे देखकर हर कोई दंग था। बता दें कि पंजाब (Punjab) विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर कब्जा करके ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। आप ने चुनाव से पहले ही भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद के कैंडिडेट के रूप में घोषित किया था।

सियासत के कारण परिवार ने छोड़ा था भगवंत मान का साथ
आपको बता दें कि आज भगवंत मान पंजाब की सियासत का बड़ा चेहरा हैं। लेकिन आप ये नहीं जानते होंगे कि कभी इसी सियासत के कारण उन्हें परिवार वालों का गुस्सा झेलना पड़ा था। एक इंटरव्यू में मान ने बताया था कि 'इसी राजनीति की वजह से उनके घरवाले उनसे दूर हो गए और उन्होंने बहुत कुछ खोया है। राजनीति की वजह से वो अपने बीवी-बच्चों को वक्त नहीं दे पाते थे और इसी वजह से साल 2015 में उनका पत्नी इंदरप्रीत कौर से तलाक हो गया था। उनके बच्चे उनसे फोन पर बात तक नहीं करते हैं।'

दो बच्चों के पिता हैं मान
मान के दो बच्चे हैं, एक लड़का और एक लड़की है, जो अब विदेश में रहते हैं। गौरतलब है कि भगवंत मान ने अपने करियर की शुरुआत एक कॉमेडियन के रूप में की थी। वो बहुत सारे स्टेज शो का हिस्सा रहे हैं। आप पार्टी ने मान को अपना प्रदेश अध्यक्ष बनाया था वो पंजाब से आम आदमी पार्टी के एकमात्र लोकसभा सांसद हैं। भगवंत मान ने 2014 का लोकसभा चुनाव भी जीता था।

'मां के सामने शपथ ली थी कि कभी शराब नहीं पीएंगे'
विवादों से भी मान का गहरा नाता रहा है, उनपर संसद में शराब पीकर आने का आरोप लगा था, जिसकी वजह से वो लोगों के निशाने पर आ गए थे लेकिन साल 2019 में भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी की जनसभा में अपनी मां के सामने शपथ ली थी कि वो फिर कभी शराब नहीं पीएंगे।
विधानसभा चुनावों में AAP ने तीन-चौथाई सीटें हासिल कीं
जीत के बाद भगवत मान ने पूरे पंजाब को अपना परिवार कहा था। मालूम हो कि विधानसभा चुनावों में AAP ने तीन-चौथाई सीटें हासिल कीं, वहीं कांग्रेस ने 18, SAD ने 3, बीजेपी ने 2 और बसपा ने 1 सीट जीतीं. वही, एक सीट निर्दलीय ने जीती है। केजरीवाल ने इस जीत के लिए जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि 'ये बदलाव की बयार है, जनता ने इंकलाब ला दिया है।'












Click it and Unblock the Notifications