'370 रुपये की बिरयानी' वाले कमेंट पर भड़कीं मालती चाहर, सरेआम छलका क्रिकेटर की बहन का दर्द?
Deepak Chahar Sister Malti Post: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर की बहन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मालती चाहर (Malti Chahar) एक बार फिर चर्चाओं में आ गई हैं। मालती ने 'बिग बॉस 19' के सह-प्रतियोगी प्रणीत मोरे के एक लाइव शो के दौरान वायरल हुए 370 रुपये की बिरयानी वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मालती ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस तरह के चुटकुलों के पीछे की मानसिकता की आलोचना की और महिलाओं के सम्मान व सहमति पर जोर दिया।
क्या है पूरा विवाद? लाइव शो के दौरान क्या हुआ था? (Deepak Chahar Sister Malti Post)
यह पूरा विवाद प्रणीत मोरे के एक लाइव क्राउड-वर्क शो के दौरान शुरू हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शो के दौरान दर्शकों के बीच बैठे हिमांशु नामक एक व्यक्ति ने शेयर किया कि वह खुद से थोड़ी बड़ी उम्र की महिला के साथ डेट पर गया था। वहां दोनों ने 370 की चिकन बिरयानी खाई। इसके बाद उस व्यक्ति ने मजाकिया लहजे में कहा कि वह अब इस पैसे की वसूली करेगा, जिसका सीधा इशारा यह था कि वह उस महिला से किसी शारीरिक या अन्य फायदे की उम्मीद कर रहा था। शो के होस्ट प्रणीत मोरे इस पर आपत्ति जताने के बजाय हंसते हुए बातचीत को आगे बढ़ाते नजर आए।

मालती चाहर ने उठाए गंभीर सवाल
इस वायरल क्लिप पर प्रतिक्रिया देते हुए मालती चाहर ने लिखा कि इस तरह की बातें यह साफ करती हैं कि क्यों आज की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना पसंद करती हैं और डेट्स पर अपना बिल खुद चुकाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं पुरुषों को आर्थिक रूप से सपोर्ट भी करती हैं, फिर भी उन्हें एक वस्तु की तरह देखा जाता है। किसी भी महिला की सहमति को पैसे या किसी तोहफे के बदले सौदे की तरह नहीं देखा जा सकता।
माता-पिता को दी ये खास नसीहत
मालती ने इस बात पर भी निराशा जताई कि समानता और सम्मान के इतने वर्षों के प्रयासों के बाद भी महिलाओं को आज भी इस तरह की पिछड़ी मानसिकता का सामना करना पड़ रहा है। मालती ने माता-पिता से अपील की है कि वे अपने बेटों को महिलाओं का सम्मान करना और सहमति की अहमियत सिखाएं।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लोग ऐसे संवेदनशील मामलों को सिर्फ एक मजाक कहकर खारिज न करें, क्योंकि मीडिया और मनोरंजन उद्योग में परोसा जाने वाला कंटेंट समाज की सोच और व्यवहार को गहराई से प्रभावित करता है। सोशल मीडिया पर इस क्लिप के वायरल होने के बाद से प्रणीत मोरे को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।















Click it and Unblock the Notifications