पंजाब चुनाव: शिरोमणि अकाली दल ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट की जारी, 64 नाम हैं शामिल
चंडीगढ़, 13 सितंबर: पंजाब चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जिस वजह से वहां पर सभी राजनीतिक पार्टियां जी-जान से चुनावी तैयारियों में जुटी हैं। इस बीच सोमवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने 64 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर सभी पार्टियों को चौंका दिया। आमतौर पर बीजेपी-कांग्रेस जैसी दिग्गज पार्टियां चुनाव से 10-15 दिन पहले ही लिस्ट का ऐलान करती हैं, लेकिन SAD ने करीब 6 महीने पहले ऐलान कर अपनी नई बाजी चल दी है।
Recommended Video

अकाली दल की पहली लिस्ट में कई महत्वपूर्ण सीटें भी शामिल हैं। जिसमें सिखों की आस्था का प्रमुख केंद्र अमृतसर के नॉर्थ से अनिल जोशी, वेस्ट से डॉक्टर दलबीर सिंह वर्का और साउथ से तलबीर सिंह गिल को चुनावी मैदान में उतारा गया है। इसी तरह लुधियाना सेंट्रल से प्रीतपाल सिंह पाली, लुधियाना वेस्ट से महेशिंदर सिंह ग्रेवाल और लुधियाना ईस्ट से रंजीत सिंह गिल को टिकट मिला है। वहीं गुरदासपुर विधानसभा सीट से गुरबचन सिंह बाबेहाली के नाम का ऐलान हुआ।
22 साल बाद NDA से हुआ अलग
2020 के मानसून सत्र में मोदी सरकार तीन नए कृषि कानून लेकर आई थी। जिसका विरोध बीजेपी की सहयोगी पार्टी अकाली दल ने किया। इसके बाद 17 सितंबर 2020 को हरसिमरत कौर ने कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। फिर अकाली दल के शीर्ष नेतृत्व ने 22 साल बाद एनडीए से अलग होने का ऐलान किया।
बसपा से किया गठबंधन
NDA से अलग होते ही बहुजन समाजवादी पार्टी ने अकाली दल की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाया। इसके बाद दोनों दलों ने गठबंधन का ऐलान कर दिया। उनमें पहले ही सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया था। जिसके तहत पंजाब की 117 सीटों में से 97 सीटें अकाली और 20 सीटें बसपा को मिली हैं।
2017 में ऐसा था समीकरण
2017 में पंजाब विधानसभा की 117 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिसमें कांग्रेस ने 77 सीटें हासिल कीं। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने 22 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं बीजेपी और अकाली दल ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। इसके बावजूद भी उसे सिर्फ 18 सीटें ही मिलीं।












Click it and Unblock the Notifications