Punjab Drug: सरकारें बदलीं, टास्क फोर्स बनीं, नहीं टूटा ड्रग नेटवर्क! ड्रग्स की जब्ती-NDPS केस का सच
Punjab Drug: पंजाब में दशक बीते, सत्ता में दल बदले लेकिन नहीं बदले ड्रग्स के दलदल के हालात। कांग्रेस के गुटका साहिब की कसम से लेकर मौजूदा सरकार के 'युद्ध नशों विरुद्ध' जैसे लुभावने नारे आए-गए, लेकिन पंजाब में जिस ड्रग संकट (Punjab Drug Crisis) को खत्म करने के दावे किए गए, वह खत्म होने के बजाय और भी खतरनाक और जटिल रूप ले चुका है।
संसद की स्थायी समिति की चौंकाने वाली रिपोर्ट, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणियां और एनडीपीएस (NDPS) के आधिकारिक आंकड़े यह साफ बयां करते हैं कि यह समस्या केवल कानून-व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि एक गहरा सामाजिक, स्वास्थ्य और आर्थिक संकट बन चुकी है।

संसद की सामाजिक न्याय समिति के अनुसार, पंजाब की 3 करोड़ की आबादी में से करीब 66 लाख लोग (21.36 लाख ओपिओइड के आदी) नशे की चपेट में हैं। 2017-2021 की तुलना में 2022-2026 में NDPS केस 40.7% बढ़े और हेरोइन जब्ती 148% (5,979 किग्रा) बढ़ी है। इसके बावजूद, सरकारी नशामुक्ति केंद्रों का सक्सेस रेट (Cure Rate) मात्र 1.5% होने, सीमा पार से ड्रोन से हो रही सिंडिकेट तस्करी, कमजोर पैरवी और फॉरेंसिक खामियों के कारण ड्रग माफिया का नेटवर्क टूट नहीं पा रहा है।
संसदीय समिति की डरावनी रिपोर्ट: 66 लाख लोग नशे की चपेट में
संसद की सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता संबंधी स्थायी समिति द्वारा जारी आंकड़े पंजाब के सामाजिक ताने-बाने की भयावह तस्वीर पेश करते हैं:
- कुल प्रभावित आबादी: पंजाब की करीब 3 करोड़ आबादी में से लगभग 66 लाख लोग किसी न किसी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हैं।
- ओपिओइड (Opioid) की लत: राज्य में करीब 21.36 लाख लोग ओपिओइड के आदी हैं।
- मासूमों पर मार: चिंताजनक बात यह है कि करीब 6.97 लाख बच्चे भी इस जानलेवा लत के शिकार हो चुके हैं।
- पुनर्वास यानी कि रिहैब का कड़वा सच: सरकारी डी-एडिक्शन सेंटरों (De-addiction Centres) में इलाज के बाद स्थायी रूप से ठीक होने की दर (Cure Rate) महज 1.5% है। यह दिखाता है कि इलाज की मौजूदा व्यवस्था जमीनी स्तर पर पूरी तरह नाकाफी साबित हो रही है।
कार्रवाई बढ़ी लेकिन आंकड़े खड़े करते हैं बड़े सवाल
पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकारें लगातार अपनी उपलब्धियां गिनाती रही हैं। पुलिस ने हाल के वर्षों में बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चलाए हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या इन अभियानों से वास्तव में नशे का नेटवर्क कमजोर हुआ या फिर यह और अधिक संगठित होकर फैलता चला गया?
| पैरामीटर | 2017 - 2021 | 2022 - अप्रैल 2026 | परिवर्तन (%) |
| NDPS केस दर्ज | 52,255 | 73,541 | 40.7% बढ़ोतरी |
| कुल गिरफ्तारियां | 68,064 | 98,596 | 44.9% बढ़ोतरी |
| हेरोइन (Heroin) की जब्ती | 2,412 किग्रा | 5,979 किग्रा | 148% उछाल |
| अफीम (Opium) की जब्ती | 2,493 किग्रा | 3,583 किग्रा | 43.7% बढ़ोतरी |
| आइस / क्रिस्टल मेथ (ICE) | 17 किग्रा | 93 किग्रा | 447% भारी उछाल |
| फार्मास्युटिकल ड्रग्स | - | 8.7 करोड़ (टैबलेट/कैप्सूल) | - |
ये आंकड़े दो अलग-अलग तस्वीरें पेश करते हैं। पहला, अधिक बरामदगी और ज्यादा गिरफ्तारियां इस बात का संकेत हो सकती हैं कि पुलिस की कार्रवाई पहले से अधिक प्रभावी हुई है और खुफिया तंत्र बेहतर काम कर रहा है।
दूसरा, अगर हर साल भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हो ही रहे हैं, लगातार हजारों एफआईआर दर्ज हो रही हैं और गिरफ्तारियां भी बढ़ रही हैं, तो यह सवाल भी उठना स्वाभाविक है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स पंजाब तक पहुंच कैसे रही हैं? अगर तस्करी का नेटवर्क लगातार सक्रिय है, तो उसे पूरी तरह तोड़ने में सरकारी मशीनरी आखिर क्यों सफल नहीं हो पा रही?
यहीं से शुरू होता है सबसे बड़ा सवाल - जवाबदेही यानी कि अकाउंटेबिलिटी। सरकारी आंकड़े यह जरूर साबित करते हैं कि कार्रवाई बढ़ी है, लेकिन यही आंकड़े यह भी बताते हैं कि नशे का पूरा इकोसिस्टम अभी भी सक्रिय है।
हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणियां - नशे की गिरफ्त में पंजाब
पंजाब में नशे के बढते जाल और उसमें फंसते युवाओं की हालात पर पंजाब एंड हरयाना हाई कोर्ट कई बार तल्ख टिप्पणी कर चुका है। एक हालिया एनडीपीएस मामले की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने कहा कि पंजाब "ड्रग्स के गंभीर संकट की गिरफ्त में है" और यह समस्या राज्य के सामाजिक ढांचे के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है।
एक अन्य मामले में अदालत ने कहा कि संगठित ड्रग तस्करी पंजाब के सामाजिक ताने-बाने को नष्ट कर रही है और राज्य के युवाओं को निगल रही है। एनडीपीएस मामलों की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने कई बार राज्य सरकार और जांच एजेंसियों के ढीले रवैये पर कड़े सवाल उठाए हैं। अदालत ने जिन प्रमुख खामियों को उजागर किया, वे हैं:
- नशीले पदार्थों की जब्ती और जब्ती स्थल की सीलिंग में तकनीकी त्रुटियां।
- नमूनों (Sampling) के मिलान और Chain of Custody को सुरक्षित रखने में विफलता।
- फॉरेंसिक जांच की सुस्त प्रक्रिया और मुकदमों के निस्तारण में अत्यधिक देरी।
सीमापार से साजिश - ड्रग माफिया का बदलता पैटर्न
विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब में ड्रग तस्करी का स्वरूप पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बदला है। कभी यह संकट मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा से आने वाली हेरोइन तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब सिंथेटिक ड्रग्स, खासकर क्रिस्टल मेथ (ICE) जैसी नई और अधिक खतरनाक नशीली दवाओं की बरामदगी तेजी से बढ़ रही है। इससे संकेत मिलता है कि ड्रग नेटवर्क समय के साथ खुद को लगातार बदल रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां लगातार यह भी रिपोर्ट करती रही हैं कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी, संगठित गिरोहों का इस्तेमाल और नए तस्करी मार्गों का प्रयोग बढ़ा है। ड्रग माफिया की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए मनी ट्रेल की जांच, अवैध संपत्तियों की जब्ती, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई को समान महत्व देना होगा।
सुरक्षा एजेंसियां लगातार यह रिपोर्ट करती रही हैं कि सीमा पार से चलने वाली ड्रग तस्करी अब पारंपरिक तरीकों से आगे निकल चुका है:-
- क्रिस्टल मेथ (ICE) का उभार: जब्ती में 447% का उछाल दर्शाता है कि राज्य में अब अधिक घातक और जानलेवा सिंथेटिक ड्रग्स का बाजार तेजी से पैर पसार रहा है।
- हाई-टेक तस्करी: पाकिस्तान सीमा पार से हेक्साकोप्टर/ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की सुरक्षित डिलीवरी कराई जा रही है।
- कमजोर जांच व्यवस्था: केवल निचले स्तर के पेडलरों (खुदरा विक्रेताओं) को जेल भेजने से समस्या हल नहीं हो रही है, क्योंकि मुख्य सरगनाओं के वित्तीय लेन-देन (Money Trail) और संपत्तियों की जांच में ढिलाई बरती जा रही है।
पंजाब की अर्थव्यवस्था और समाज पर ड्रग्स की दोहरी मार
नशे का यह दीमक केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य को नहीं, बल्कि पंजाब के आर्थिक भविष्य को भी खोखला कर रहा है। युवाओं और कार्यबल (Workforce) के लत की चपेट में आने से कृषि और औद्योगिक विकास की गति सुस्त पड़ रही है।
ड्रग के महाजाल के कारण गंभीर रोग और इलाज का भारी खर्च, रोजगार छिन जाना, बढ़ता कर्ज और अपराध की ओर झुकाव हज़ारों परिवारों को गरीबी के दुष्चक्र में ढकेल रहा है।
कांग्रेस हो या AAP... सरकारें बदलीं, लेकिन चुनौती यथावत
- पंजाब में अलग-अलग राजनीतिक दलों की सरकारें सत्ता में आईं। हर सरकार ने नशे के खिलाफ नई रणनीति बनाई, बड़े अभियान चलाए और राज्य को ड्रग-फ्री बनाने के वादे किए। मौजूदा सरकार भी 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान चला रही है। लेकिन इसकी एफिशिएंसी और ऑबजेक्टिविटी पर सवाल उठ रहे हैं। उपलब्ध सरकारी आंकड़े और आधिकारिक रिपोर्टें यह संकेत देती हैं कि समस्या आज भी गंभीर बनी हुई है।
- ड्रग्स की कुछ खेपों की बरामदगी, विशेष पुलिस इकाइयों की स्थापना और खुफिया जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई से निश्चित रूप से तस्करी के कई नेटवर्क प्रभावित हुए होंगे, लेकिन पंजाब का युवा अभी तक सीमा पार से चलाए जा रहे ड्रग-महामारी का शिकार हो रहा है।
- इस विषय में संसदीय समिति की रिपोर्ट, लगातार दर्ज हो रहे एनडीपीएस मामले और अदालतों की बार-बार की गई टिप्पणियां यह भी बताती हैं कि नशे की समस्या पर स्थायी नियंत्रण अभी भी दूर की बात है।
सवाल एक सरकार का नहीं, पूरे सिस्टम की जवाबदेही का है
- उपलब्ध आंकड़े इस ओर इशारा करते हैं कि पंजाब का ड्रग संकट किसी एक राजनीतिक कार्यकाल की विफलता नहीं, बल्कि एक व्यापक संस्थागत चुनौती बन चुका है।
- जब लाखों लोग अब भी नशे की चपेट में हों, हर साल हजारों एनडीपीएस मामले दर्ज हो रहे हों, अदालतें लगातार चिंता जता रही हों और पुनर्वास व्यवस्था अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही हो, तब यह साफ हो जाता है कि सिर्फ पुलिस कार्रवाई से यह लड़ाई नहीं जीती जा सकती।
केवल पुलिसिया डंडा नहीं, समग्र दृष्टिकोण की जरूरत
चाहे कांग्रेस का कार्यकाल रहा हो या आम आदमी पार्टी (AAP) का 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान-अगर 66 लाख लोग आज भी इस महामारी के शिकार हैं, तो यह पूरे सिस्टम की सामूहिक विफलता है। इस संकट से पर पाने के लिए राज्य को केवल गिरफ्तारियों के आंकड़े बढ़ाने के बजाय इन 5 मोर्चों पर काम करना होगा:
-
आर्थिक हमला: ड्रग सिंडिकेट की बेनामी संपत्तियों की जब्ती और वित्तीय नेटवर्क का खात्मा।
- सीमा प्रबंधन: बीएसएफ (BSF) और राज्य पुलिस के बेहतर समन्वय से एंटी-ड्रोन तकनीक का त्वरित इस्तेमाल।
- पुनर्वास में सुधार: डी-एडिक्शन सेंटरों के 1.5% सक्सेस रेट को बढ़ाने के लिए दीर्घकालिक काउंसलिंग और सामाजिक-व्यवहारिक थेरेपी।
- फॉरेंसिक क्षमता और फास्ट-ट्रैक कोर्ट: सबूतों को पुख्ता बनाकर कोर्ट में बड़े तस्करों की दोषसिद्धि सुनिश्चित करना।
- रोजगार के अवसर: युवाओं को हताशा और बेरोजगारी के दौर से निकालकर मुख्यधारा से जोड़ना।


Click it and Unblock the Notifications
