मंगलवार को राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे नवजोत सिंह सिद्धू, प्रियंका गांधी भी रहेंगी मौजूद
नई दिल्ली, जून 28। पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच की कलह को दूर करने के लिए कांग्रेस हाईकमान की सभी कोशिशें नाकाम रही हैं। कांग्रेस हाईकमान अभी तक ऐसा फॉर्मूला तय नहीं कर पाई है, जिससे कि पंजाब कांग्रेस के इन दो दिग्गज नेताओं के बीच आई दूरियों को कम किया जा सके। ऐसे में खबर है कि नवजोत सिंह सिद्धू मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, इस मुलाकात में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल रहेंगी।

पिछले हफ्ते कैप्टन की हुई थी दिल्ली में पेशी
आपको बता दें कि सिद्धू से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह को पिछले हफ्ते दिल्ली बुलाया गया था, जहां उनकी मुलाकात ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के 3 सदस्यीय पैनल से हुई थी, जिसे सोनिया गांधी ने सिद्धू और कैप्टन के बीच के विवाद को सुलझाने के लिए गठित किया था। तीन सदस्यीय इस पैनल में मल्लिकार्जुन खड़गे, हरीश रावत और जेपी अग्रवाल शामिल थे। कैप्टन की पेशी के बाद हर किसी को यही इंतजार था कि अब सिद्धू को कब बुलाया जाएगा।
कैप्टन के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं सिद्धू
आपको बता दें कि पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस में सिद्धू और कैप्टन के बीच ये सम्मान की लड़ाई है। नवजोत सिंह सिद्धू को पिछले कई दिनों से कैप्टन के खिलाफ बयानबाजी करते हुए देखा गया है। सिद्धू की बयानबाजी से राहुल गांधी और कमेटी दोनों नाराज हैं। हो सकता है कल की मीटिंग में सिद्धू को हिदायत भी दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications