सिद्धू के बाद कांग्रेस में इस्तीफों की झड़ी, अमरिंदर खेमे ने की फ्लोर टेस्ट की मांग- सूत्र
पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के सामने फिर से बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
चंडीगढ़, 29 सितंबर: महज 2 महीनों के भीतर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस आलाकमान के सामने राज्य में एक बार फिर से संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को जब पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने दिल्ली दौरे की तैयारी कर रहे थे, ठीक उसी समय नवजोत सिंह सिद्धू ने अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा देकर चौंका दिया। हालांकि सिद्धू ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि वो कांग्रेस पार्टी में ही रहेंगे। सिद्धू के इस्तीफे के बाद उनके कुछ और करीबी नेताओं ने भी इस्तीफा दिया है। इस बीच इंडिया टुडे की एक खबर के मुताबिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह खेमे के विधायकों ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से फ्लोर टेस्ट की मांग कर डाली है।

Recommended Video
आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी और मंत्रिमंडल से उनके कुछ करीबियों ने भी अपने इस्तीफे भेजे हैं। सिद्धू के अलावा पंजाब कांग्रेस में जिन नेताओं ने इस्तीफे भेजे हैं, उनमें हाल ही में पंजाब कैबिनेट में मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाली रजिया सुल्ताना और कांग्रेस कमेटी के चार नेता- प्रदेश महासचिव योगिंदर ढींगरा, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुलजार इंदर चहल, पार्टी महासचिव (प्रशिक्षण प्रभारी) गौतम सेठ और अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के संयुक्त सचिव निर्मल सिंह सिद्धू शामिल हैं।
किस वजह से दिया नवजोत सिंह सिद्धू ने इस्तीफा?
गौरतलब है कि मंगलवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने सोनिया गांधी को एक चिट्ठी लिखते हुए अपने इस्तीफे का ऐलान किया। सिद्धू ने अपनी चिट्ठी में हालांकि लिखा कि वो कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। सू्त्रों की मानें तो नवजोत सिंह सिद्धू का तालमेल पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से नहीं बैठ पा रहा था, जिसकी वजह से उन्होंने इस्तीफा दिया है। वहीं, सिद्धू के इस्तीफे पर पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी तंज कसा। अमरिंदर सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि उन्होंने पहले ही कांग्रेस आलाकमान को बता दिया था कि नवजोत सिंह सिद्धू टिकने वाले नेता नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications