दिल्ली में पंजाब के 'कैप्टन', सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अमित शाह के घर पहुंचे अमरिंदर सिंह
नई दिल्ली, 10 अगस्त: पंजाब कांग्रेस नेताओं के बीच जारी घमासान हालांकि खत्म हो चुका है, लेकिन मुलाकातों का सिलसिला अभी भी जारी है। मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली दौरे पर हैं, जहां उन्होंने पहली बार पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी के बाद अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस मीटिंग के बाद कैप्टन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करने पहुंचे।

गृह मंत्री अमित शाह के घर पर पंजाब की सीएम की मुलाकात करीब आधे घंटे से ज्यादा के वक्त की रही, जिसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह उनके आवास से रवाना हो गए। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस और विधानसभा चुनावों से पहले सुरक्षा के मद्देनजर कई मुद्दों पर चर्चा की।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अमित शाह से मुलाकात कर पाकिस्तान समर्थित आतंकी ताकतों से सुरक्षा के लिए सीएपीएफ की 25 कंपनियों और बीएसएफ के लिए ड्रोन रोधी उपकरणों की मांग की। साथ ही ड्रोन/आतंकवादी गतिविधि को लेकर भी सीएम और गृहमंत्री के बीच चर्चा हुई।
वहीं इससे पहले सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके दिल्ली स्थिति आवास पर मुलाकात की। यह मीटिंग ऐसे वक्त में हुई हैं, जब पंजाब में कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मीटिंग के दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत भी मौजूद थे। बता दें कि इस बार कई मंत्रियों की छुट्टी और कई विधायकों को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। ऐसे में कैबिनेट विस्तार से पहले सोनिया और कैप्टन की मीटिंग काफी मायनों में खास मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications