अमरिंदर सिंह ने की नीरज चोपड़ा को 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा, ये है पंजाब से लिंक
चंडीगढ़, अगस्त 07: पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक में स्वर्ण जीतने वाले प्रदर्शन के लिए नीरज चोपड़ा को 2 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। इसके अलावा पंजाब सरकार ने राज्य में ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम पर सड़कों और स्कूलों का नाम भी रखने का फैसला किया है। पंजाब के शिक्षा और लोक निर्माण विभाग के मंत्री विजय इंदर सिंगला ने कहा कि राज्य सरकार ने सड़कों और स्कूलों का नाम ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम पर रखने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, एथलेटिक्स में भारत का पहला ओलिंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले सूबेदार नीरज चोपड़ा (वीएसएम) की शानदार उपलब्धि के सम्मान में, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को 2 करोड़ रुपये के विशेष नकद इनाम की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, गोल्ड! नीरज चोपड़ा..आपने इतिहास रच दिया है और पूरे देश को गौरवान्वित किया। आपका 87.58 मीटर विनिंग थ्रो आज ट्रैक एंड फील्ड क्षेत्र के दिग्गजों का हिस्सा होगा। भारत आपका ऋणी है! जय हिंद।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भारत और पंजाबियों के लिए गर्व का क्षण है क्योंकि चोपड़ा का परिवार पंजाब से जुड़ा है। बयान में कहा गया है कि एथलीट ने डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ में पढ़ाई की और नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, पटियाला में भी अभ्यास किया। सिंगला ने कहा कि खेलों में भारत की ओर से पंजाब का योगदान स्वर्णिम और बेहद शानदार रहा है। ओलंपिक में इस बार पंजाब के 20 खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
इससे पहले पानीपत के रहने वाले नीरज चोपड़ा के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 23 वर्षीय एथलीट को 6 करोड़ रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी। इसके अलावा बीसीसीआई ने नीरज चोपड़ा को एक करोड़ रिपए का इनाम देने का ऐलान किया है। बता दें कि, यह टोक्यो ओलिंपिक में भारत का पहला स्वर्ण पदक है और बीजिंग में 2008 के खेलों में अभिनव बिंद्रा के जीतने के बाद अपने ओलिंपिक इतिहास में देश का दूसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है। नीरज चोपड़ा ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं।












Click it and Unblock the Notifications