पंजाब: कांग्रेस के वोट बैंक में SAD कर रही सेंधमारी, कई बड़े नेताओं को किया पार्टी में शामिल
पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल भी अपनी सियासी ज़मीन मज़बूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही है।
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी सियासी पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल भी अपनी सियासी ज़मीन मज़बूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। शिअद ने कांग्रेस के वोटबैंक में सेंधमारी करनी शुरू कर दी है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्ममंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद उनके करीबी कैप्टन हरमिंदर सिंह ने भी कांग्रेस का दामन छोड़ शिरोमणि अकाली दल की सदस्यता ले ली है। ग़ौरतलब है कि कैप्टन हरमिंदर सिंह पंजाब मिल्कफेड के मौजूदा चेयरमैन हैं, इनके शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने से पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है।शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कैप्टन हरमिंदर सिंह को चंडीगढ़ में पार्टी की सदस्यता दिलाई। वहीं सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने जा रही है। जनता से किए जा रहे सारे वादे पूरे होंगे।

कैप्टन हरमिंदर सिंह SAD में शामिल
कैप्टन हरमिंदर सिंह का नाम कपूरथला जिले के बड़े उद्योगपति में शुमार होता है। वह काफ़ी लम्बे वक़्त से एक्टिव मोड में कांग्रेस पार्टी को मज़बूती दे रहे थे। ग़ौरतलब है कि लोकसभा चुनाव साल 2014 में कांग्रेस की तरफ़ वह सुल्तानपुर लोधी हलके में सक्रिय भी रहे थे लेकिन सुल्तानपुर लोधी से कांग्रेस आलाकमान ने दोबारा नवतेज सिंह चीमा को टिकट दे दी । पंजाब कांग्रेस में मचे सियासी घमासान के को देखते हुए कैप्टन हरमिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया। वहीं इलेक्ट्रॉनिक उद्योग में अपनी पहचान रखने वाले जगदेव सिंह बोपाराए ने भी हाल ही में बड़ी तादाद में अपने समर्थकों समेत कांग्रेस को अलविदा कर शिरोमणी अकाली दल का दामन थाम लिया। जगदेव सिंह बोपाराए भी शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में अकाली दल में शामिल हुए। शिरोमणि अकाली दल को जगदेव सिंह बोपाराए के पार्टी में शामिल होने से लुधियाना जिले में काफ़ी मजबूती मिली है।

SAD की बढ़ रही सदस्यता
तलवंडी साबो में अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक जीत महिदर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में सींगों और लहरी गांव के करीब दो दर्जन परिवार शिरोमणि अकाली दल में शामिल हुए। शिअद में शामिल होने वाले परिवारों को जीत महिदर सिंह सिद्धू ने सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं रामपुरा फूल में सेलबराह के 16 टकसाली परिवारों ने कांग्रेस को अलविदा कह शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया। हलके के मुख्य सेवादार गुरप्रीत सिंह मलूका ने पार्टी में शामिल होने वाले परिवारों को सम्मानित किया।

सियासी ज़मीन मज़बूत कर रही SAD
विधानसभा हलका तलवंडी साबो से अकाली-बसपा गठबंधन के साझे उम्मीदवार जीत महिदर सिंह सिद्धू की अगुआई में गाटवाली गांव में करीब डेढ़ दर्जन परिवार अलग-अलग पार्टियों को छोड़ अकाली दल में शामिल हो गए। गांव गाटवाली के पूर्व सरपंच गुरजीवन सिंह की प्रेरणा से पार्टी में आए सभी परिवारों को सिद्धू ने पार्टी में बनता मान सम्मान देने का भरोसा दिलवाया। सुजानपुर में शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के साझे उम्मीदवार राज कुमार गुप्ता ने रैली का आयोजन किया। इस दौरान 110 परिवार शिरोमणि अकाली दल में शामिल हुए। वहीं पूर्व विधायक गुरबचन सिंह बब्बेहाली ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विफल है। हर वर्ग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहा है।
ये भी पढ़ें: पंजाब: एक महीने से भूख हड़ताल पर शिक्षक संगठन, सातवें वेतन आयोग लागू करने की कर रहे मांग












Click it and Unblock the Notifications