E-20 Ethanol Blending: पंजाब विधानसभा का E-20 प्रस्ताव, मान सरकार और किसानों के बीच नीतिगत टकराव बढ़ा
केंद्र सरकार की अनिवार्य E-20 (20% एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल) नीति के खिलाफ पंजाब विधानसभा द्वारा हाल ही में पारित प्रस्ताव ने राजनीतिक बयानबाज़ी और जमीनी स्तर पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के बीच के एक बड़े अंतर को उजागर कर दिया है। मानसून सत्र के दौरान पेश किए गए और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पारित इस प्रस्ताव में गाड़ियों के माइलेज, इंजन के घिसने और वाहनों की अनुकूलता पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय नीति पर सवाल उठाए गए। हालांकि, इस राजनीतिक ड्रामे के पीछे एक ऐसी नीतिगत चाल छिपी है जो पंजाब के उन्हीं किसानों और ग्रामीण बाजारों को अस्थिर करने का जोखिम बढाती है, जिन्हें बचाने का दावा आम आदमी पार्टी की सरकार करती है।
जब मुख्यमंत्री भगवंत मान E-20 ब्लेंडिंग का मज़ाक उड़ा रहे थे और सीमावर्ती राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भाजपा पर अनिवार्य E20 ईंधन सम्मिश्रण को 2030 से घटाकर 2026 करने का आरोप लगाते हुए उपभोक्ताओं, वाहन मालिकों और राज्य के हितों की रक्षा को लेकर गंभीर चिंता जता रहे थे, तब ऐसा लगता है कि मंत्री जी ने आसानी से उन किसानों के हितों को भुला दिया जिनके उत्पाद या सह-उत्पाद (byproducts) एथेनॉल उद्योग को संचालित करते हैं। आइए किसानों के हित और जमीनी हकीकत के संदर्भ में E-20 पर पंजाब के रुख को समझने की कोशिश करते हैं।

जमीनी हकीकत सियासी बयानबाज़ी - बायोडायवर्सिटी और एमएसपी का सवाल
पंजाब की आप (AAP) सरकार जहाँ E-20 को एक "जबरन थोपी गई नीति" के रूप में पेश करती है, वहीं पंजाब का कृषि क्षेत्र एथेनॉल सम्मिश्रण को बिल्कुल अलग नज़रिए से देखता है।
पंजाब के किसानों ने केंद्र के E-20 कार्यक्रम का मुखालफत नहीं किया है। वर्षों से कृषि-एक्सपर्ट पंजाब को पानी की अधिक खपत वाली धान की खेती के चक्र से बाहर निकलने की सलाह देते आ रहे हैं, और E-20 नीति ने किसानों को उनकी वैकल्पिक फसलों से कमाई करने का एक व्यावहारिक बाज़ार तंत्र प्रदान किया। मक्का और गन्ने जैसी फसलों के लिए सुनिश्चित माँग पैदा करके, यह नीति लाभकारी मूल्य की व्यवस्था करती है, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) प्राप्ति को मजबूत करती है, और किसानों को अस्थिर खुले बाज़ारों के भरोसे छोड़े बिना फसल विविधीकरण (क्रॉप्स डायवर्सीफिकेशन) को बढ़ावा देती है।
दूसरी तरफ, व्यापारिक संगठनों ने एथेनॉल सम्मिश्रण से पीछे हटने को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। अमृतसर आढ़तिया एसोसिएशन और क्षेत्रीय अनाज मिल मालिकों ने चेतावनी दी कि एथेनॉल उत्पादन रोकने से तत्काल आर्थिक झटका लगेगा। एथेनॉल डिस्टिलरीज़ द्वारा बनाई गई स्थिर माँग के बिना, मक्के की कीमतें, जो वर्तमान में ₹2,100-₹2,200 प्रति क्विंटल पर बनी हुई हैं, गिरकर ₹1,500 प्रति क्विंटल तक आ सकती हैं, जिससे गेहूं और धान के पारंपरिक चक्र को छोड़कर नई फसलों की ओर रुख करने वाले किसानों को भारी नुकसान होगा।
आम आदमी पार्टी सरकार और आम किसानों के बीच बढ़ता अंतर
पंजाब के कृषि समुदाय के बीच E-20 के लिए जमीनी समर्थन, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा चलाए जा रहे राजनीतिक अभियान के बिल्कुल विपरीत खड़ा है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E-20 जनादेश को एक राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। प्रधानमंत्री को सार्वजनिक हस्ताक्षर याचिकाएँ भेजने से लेकर पीएम आवास तक विरोध मार्च निकालने तक आप प्रमुख वही पुराने राजनीतिक हथकंडे अपनाते दिख रहे हैं। इस बीच उन्होंने इस तथ्य को जाने बिना कि एथेनॉल-ब्लेंडिंग कोई नई बात नहीं है, इसे आनन-फानन में इसे वापस लेने की माँग की है। यूपीए सरकार ने 2006 में ही इसकी पैरवी की थी, और यह धीरे-धीरे इसे 20 प्रतिशत तक बढाया गया है, हालांकि दुनिया के कई विकसित देशों में इससे अधिक वैकल्पिक इंधन ब्लेंडिंग और फ्लेक्स-फ्यूल की स्वीकृति है।
कानून बनाना विधानसभा का विशेषाधिकार है लेकिन पंजाब विधानसभा ने जिस तरह आम आदमी पार्टी (AAP) के राजनीतिक अभियान को आधिकारिक राज्य नीति में बदल दिया, उससे यह सवालों के घेरे में है। पंजाब में मान सरकार ने मानसून सत्र के दौरान केंद्र के E-20 रोलआउट का विरोध करने वाला एक प्रस्ताव पारित किया, जिसने स्थानीय जैव ईंधन (बायोफ्यूल) अर्थव्यवस्था को समर्थन देने वाले कार्यक्रम के प्रति राज्य की असहमति को स्पष्ट कर दिया।
यह सियासी रुख राज्य के शासन के भीतर एक गहरी सिस्टेमेटिक समस्या को उजागर करता है। पंजाब विधानसभा ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के सुर में सुर मिलाते हुए, स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था की परवाह किए बिना इस प्रस्ताव पर आँख मूँदकर मुहर लगा दी।
राजनीतिक विश्लेषकों खासकर आम आदमी पार्टी के आलोचकों का मानना है कि पंजाब सरकार, राज्य के एग्रीकल्चर-सिस्टम को सपोर्ट करने वाली एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के रूप में काम करने के बजाय, पंजाब की विधानसभा दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से ऑपरेट होती हुई लग रही है। कहा जा रहा है कि मान सरकार पंजाब के किसानों की आजीविका के बजाय केजरीवाल के राष्ट्रीय राजनीतिक एजेंडे को प्राथमिकता दे रही है, जिससे यह उजागर होता है कि राज्य की नीति अब स्थानीय आर्थिक हितों से नहीं बल्कि दिल्ली के निर्देशों से तय हो रही है।
पंजाब का E-20 रेज्योलुशन से राज्य की अर्थव्यवस्था पर क्या असर?
ग्रामीण बाजार की वास्तविकताओं के बजाय शहरी राजनीतिक बयानबाज़ी को चुनकर, राज्य सरकार का यह कदम पंजाब में किसान कल्याण के प्रति स्पष्ट उपेक्षा दिखाता है। ऐसे समय में जब पंजाब के फार्म-ईकोसिस्टम को संरचनात्मक सुधारों, सुनिश्चित खरीद और वैकल्पिक फसलों के लिए मूल्य समर्थन की सख्त जरूरत है, E-20 नीति का विरोध करना सीधे तौर पर मक्का और गन्ना उत्पादकों की वित्तीय सुरक्षा को नुकसान पहुँचाने वाला हो सकता है। उपभोक्ताओं और किसानों के हितों की रक्षा करने के बजाय, एथेनॉल ब्लेंडिंग को खारिज करने से अनाज की कीमतों में गिरावट, ग्रामीण निवेश में कमी और पंजाब के किसानों के एक बार फिर संकट में पड़ने का जोखिम हो सकता है।
आखिर में सवाल यह उठता है कि केंद्र के खिलाफ सियासी प्वाइंट हासिल करने की होड़ में, क्या आप (AAP) के नेतृत्व ने उन किसानों से मुंह मोड़ लिया है जिनकी रक्षा की उन्होंने कसम खाई थी? यह सवाल तब और प्रासंगिक हो जाता है जब पूछा जाता है, "क्या पंजाब जैसी कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था वास्तव में विचारधारा को फसलों की कीमतों और ग्रामीण विकास पर हावी होने देने का जोखिम उठा सकती है?"


Click it and Unblock the Notifications
