'राम रहीम का हमशक्ल है', HC ने फटकारते हुए खारिज की याचिका, कहा- ये फिल्म चल रही है क्या
चंडीगढ़। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने राम रहीम से जुड़ी एक याचिका पर याची को फटकार लगाई। दरअसल, चंडीगढ़ के अशोक कुमार ने हाईकोर्ट के समक्ष अपने वकील के जरिए कहा था कि, राम रहीम को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद जब वह पैरोल पर बाहर आए तो उनमें काफी फर्क देखा गया। कुमार ने राम रहीम का राजस्थान में अपहरण होने और उनके स्थान पर हमशक्ल तैयार करने का आरोप भी लगाया।

इस पर हाईकोर्ट के जज ने कहा कि, ऐसा लगता है कि याची कोई फिल्म देखकर आया है और उसे यह फिल्मी कहानी जैसा लग रहा है। ये कोई फिल्म चल रही है क्या? हाईकोर्ट ने याची के वकील को कहा कि याची तो कुछ भी कहेगा कम से कम वकील को तो अपना दिमाग लगाना चाहिए। साथ ही कोर्ट ने कहा कि, यदि राम रहीम की लंबाई बढ़ी है तो इससे याची को क्या लेना देना। इसी के साथ याची की ओर से दाखिल याचिका हाईकोर्ट ने सिरे से खारिज कर दी।
बता दें कि, याची ने अपनी याचिका में कहा था कि, हाईकोर्ट इस मामले में दखल दे और राम रहीम की जांच करवाई जाए। इस मामले में जिस प्रकार राम रहीम का हमशक्ल तैयार किया जा रहा है उसकी किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच करवाई जानी चाहिए। इस तरह की बातें जज को नागवार गुजरीं। उन्होंने याची को फटकार लगाई। साथ ही जुर्माना लगाने की बात कह डाली। हालांकि, बाद में बिना जुर्माना लगाए ही उसकी याचिका को खारिज कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications