इटली से अमृतसर आई चार्टर्ड फ्लाइट के 125 यात्री मिले कोरोना पॉजिटिव
नई दिल्ली, 6 जनवरी: इटली से पंजाब आई एक फ्लाइट के 125 यात्रियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।इटली से आई ये चार्टर्ड एंटरनेशनल फ्लाइट अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरी थी। इस फ्लाइट में कुल 179 मुसाफिर सवार थे। एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों का कोरोना वायरस का टेस्ट किया गया, जिसमें 125 यात्री संक्रमित मिले। गुरुवार को एयरपोर्ट डायरेक्टर वीके सेठ ने ये जानकारी दी है।

देश में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण
देश में कोरोना वायरस संक्रमण बीते एक हफ्ते में बहुत ज्यादा तेजी से बढ़ा है। संक्रमण के आंकड़े अब भयावह होते जा रहे हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि बीते 24 घंटों में देश में 91 हजार नए कोविड-19 के केस सामने आए हैं, जो बुधवार की तुलना में 55 प्रतिशत अधिक है। पिछले 24 घंटों में 325 कोविड-19 मरीजों की मौत हुई है। देश में एक्टिव केसों की संख्या तीन लाख के करीब हो गई है। देश में कोरोना से अब तक 4 लाख 82 हजार 876 लोगों की मौत हुई है।
देश में ओमीक्रोन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,630 हो गई है। महाराष्ट्र और दिल्ली में ओमीक्रोन के सबसे ज्यादा 797 और 465 मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि ओमीक्रोन के कुल 2,630 मरीजों में से अब तक 995 मरीज रिकवर हुए हैं।
केंद्र ने राज्यों को एहतियाती कदम उठाने को कहा
केंद्र सरकार की ओर से कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए लगातार राज्यों को दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। बुधवार को ही केंद्र ने नौ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों (तमिलनाडु, पंजाब, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मिजोरम, मेघालय, जम्मू-कश्मीर और बिहार) कोरोना संबंधी जांच बढ़ाने को कहा है, ताकि ये मरीज दूसरों को संक्रमित ना करें। स्वास्थ्य मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव आरती आहूजा ने राज्यों को कहा है कि पर्याप्त जांच ना होने पर संक्रमण के सही स्तर की पहचान नहीं हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications