पाकिस्तानी ड्राेन हिंदुस्तान के 50 मीटर अंदर घुसा, BSF ने गोलियां बरसाईं तो 1 मिनट में लौटा
अमृतसर। पाकिस्तान से सटे सरहदी इलाकों में आए रोज ड्रोन-एक्टिवटी देखने को मिल रही हैं। कभी जासूसी के लिए तो कभी हथियारों और मादक पदार्थों की डिलीवरी के लिए सीमा पार से इधर ड्रोन भेजे जा रहे हैं। बीते रोज पाकिस्तानियों ने फिर भारतीय सीमा पर ड्रोन भेजा। इस बार उनका ड्रोन डेरा बाबा नानक के साथ लगती सीमा पर नजर आया। बीएसएफ जवानाें की नजर उस पर पड़ी तो फायरिंग की जाने लगी।

बीएसएफ की फायरिंग के कारण वो ड्रोन एक मिनट में ही वापस लौट गया। इसके बाद बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने सीमा से लगते इलाकाें में सर्च अभियान चलाया, हालांकि कुछ भी बरामद नहीं हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि, सीमा से लगते डीबीएन टाउन पोस्ट बीपी नंबर 42/24-25 पर शुक्रवार सुबह 4.26 पर आईबी से इस तरह एक ड्रोन आते दिखा। उससे हल्की आवाज आ रही थी और रोशनी भी टिमटिमा रही थी। ड्यूटी पर तैनात जवान एचसी सिद्धेश्वर मल ने जब उसे देखा तो गोलियां चलाने लगे।
एचसी सिद्धेश्वर मल ने उस पर 4 राउंड फायर किए, जिसके बाद ड्राेन पाकिस्तान की ओर लौट गया। उन्होंने बताया कि, वो ड्रोन करीब 50 मीटर अंदर भारतीय सीमा में घुसा था। इधर से फायर करने पर लौट गया। इससे पहले पिछले महीने भी सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए। बताया जा रहा है कि, साढ़े 9 महीने में 14 बार पाकिस्तानी ड्रोन इस ओर आ चुके हैं। यह सिलसिला अक्टूबर 2020 से चला आ रहा है।
बीएसएफ के एक अधिकारी के मुताबिक, डेरा बाबा नानक के बार्डर इलाके से दिसंबर 2020 में भारी मात्रा में हेरोइन, मैग्जीन व पिस्तौल बरामद हुए थे। पता चला था कि, 19 दिसंबर की रात को दीनानगर की चक्करी पोस्ट से पाकिस्तानी की तरफ से आए ड्रोन ने 11 हैंड ग्रेनेड भी गिराए थे।












Click it and Unblock the Notifications