पंजाब: CM फेस के ऐलान पर बोले सिद्धू- राहुल गांधी का फैसला स्वीकार, चन्नी के साथ मुस्कुराकर चलूंगा
नई दिल्ली, 6 फरवरी: पंजाब कांग्रेस के नेता लगातार राज्य में सीएम फेस के ऐलान की मांग कर रहे थे। कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने भी पंजाब की जनता से वादा किया था कि वो जल्द ही सीएम फेस का ऐलान करेंगे। रविवार को इस पर से सस्पेंस खत्म हुआ, जहां लुधियाना की वर्चुअल रैली में राहुल ने ऐलान किया कि मौजूदा सीएम चरणजीत चन्नी के ही नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। अगर उसकी सरकार बनती है, तो चन्नी ही सीएम होंगे। इस ऐलान के बाद से नवजोत सिंह सिद्धू को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि लंबे वक्त से उनकी नजर सीएम की कुर्सी पर थी।
Recommended Video

लुधियाना की वर्चुअल रैली में पीसीसी चीफ सिद्धू भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मैंने राहुल गांधी के फैसले को स्वीकार कर लिया है। अगर मुझे निर्णय लेने की शक्ति दी गई, तो मैं माफिया को खत्म कर दूंगा, लोगों के जीवन में सुधार करूंगा। पावर नहीं मिली तो आप जिसे भी सीएम बनाएं, उसके साथ मुस्कुराकर चलूंगा।
राहुल ने कही ये बात
सिद्धू से मुलाकात का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि मैं 40 साल पहले नवजोत सिंह सिद्धू से मिला था लेकिन उन्हें नहीं पता कि वो राहुल गांधी से मिले थे। मैं दून स्कूल में था, जहां वो क्रिकेट मैच खेलने आए थे। इसके बाद उन्होंने कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। वो एक गरीब परिवार से आते हैं। राहुल के मुताबिक चन्नी मुख्यमंत्री बने, फिर भी उनमें अहंकार नहीं है। वो जनता के बीच जाते हैं, क्या कभी किसी ने नरेंद्र मोदी को जनता के बीच जाते हुए देखा, सड़क पर किसी की मदद करते हुए देखा है? नहीं करेंगे क्योंकि वे प्रधानमंत्री नहीं राजा हैं।
मेरे पास पैसा नहीं: चन्नी
अपने नाम के ऐलान के बाद सीएम चन्नी ने कहा कि ये बहुत बड़ी लड़ाई है जो मैं अकेला नहीं लड़ सकता। ना मेरे पास पैसा है, ना इतनी हिम्मत है। हिम्मत भी पंजाब के लोग देंगे, सब कुछ पंजाब के लोग करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications