हरजीत ग्रेवाल के आरोपों पर निर्मल सिद्धू का पलटवार, बोले- BJP सिर्फ़ झूठ का पुलिंदा बांधती है
कांग्रेस इस तरह के झूठे वादे नहीं करती है। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने एक इंटरव्यू में कहा है कि हम इस तरह बिजली मुफ़्त में नहीं दे सकते। हां मैं आप लोगों के बिजली यूनिट 2 से 3 रूपये तक कर दूंगा।
चंडीगढ़, अगस्त 6, 2021। पंजाब में सियासी हलचल तेज़ हो चुकी है। सभी राजनीतिक दल वोट बैंक को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए वादों की बौछार कर रहे हैं। हर दल के नेता एक दूसरे पर वार पलटवार करते नज़र आ रहे हैं। एक दिन पहले वन इंडिया हिन्दी से बात करते हुए पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने नवजोत सिंह सिद्धू पर तीखा हमला किया था। नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब में कृषि क़ानून को पारित नहीं करने वाले बयान पर हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि सिद्धू की बातों का कोई औचित्य नहीं है। उनकी विश्वसनीयता पर प्रश्न चिंह है।

ऑल इंडिया कांग्रेस के ज्वॉइंट कोऑर्डिनेटर निर्मल सिद्धू ने हरजीत सिंह ग्रेवाल के बयान पर पलटवार किया है। वन इंडिया हिन्दी से बात करते हुए निर्मल सिद्धू ने कहा हरजीत सिंह ग्रेवाल जी की बातों से जनता को कितना प्रभाव पड़ता है वह ख़ुद जानते हैं। उनके बयान को कोई भी सीरियस नहीं लेता है, समझदार व्यक्ति उनके बयान पर प्रतिक्रिया देना तक उचित नहीं समझते। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ़ झूठ का पुलिंदा बांधती है और इस बात को जनता बहुत अच्छे से समझ चुकी है। नवजोत सिंह सिद्धू जब से हमारे अध्यक्ष बने हैं कांग्रेस में एक नई लहर आई है। हम बहुत अच्छी तरह से जीत दर्ज करेंगे। हम शुरू से किसानों के साथ खड़े हैं, जनता के हर मुद्दे को हम लोगों ने बेबाकी से उठाया है। राहुल गांधी हमेशा से जनता के बीच खड़े रहे हैं उनकी समस्याओं का निदान किया है। किसानों के मुश्किल वक़्त में वह किसानों के बीच हैं।
निर्मल सिद्धू ने अकाली दल के एलान पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने जिस तरह से ऐलान किया है कि उनकी सरकार बनी तो 400 यूनिट बिजली फ़्री देंगे। यह सब सिर्फ़ जनता को लुभाने के लिए झूठे वादे हैं। कांग्रेस इस तरह के झूठे वादे नहीं करती है। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने एक इंटरव्यू में कहा है कि हम इस तरह बिजली मुफ़्त में नहीं दे सकते। हां मैं आप लोगों के बिजली यूनिट 2 से 3 रूपये तक कर दूंगा। निर्मल सिद्धू ने कहा कि जिस तरह से नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने इंटरव्यू में बातें कही हैं वह एक समझदार नेता ही कर सकता है। अकाली दल जो वादा कर रही है वह सिर्फ़ लिफ़ाफेबाज़ी है, पहले भी इनकी सरकार रही है लेकिन ऐसे कोई वादे पूर नहीं हुए हैं। सत्ता में आने के लिए यह कुछ भी ऐलान कर सकते हैं। अब पहले वाले वोटर नहीं हैं मतदाता अब समझदार हो चुके हैं। समाज में क्या कमी है और क्या विकास होना चाहिए जनता सब जानती है।
ज़ीरकपुर में पोस्टर पर कालिख पोतने वाले सवाल पर निर्मल सिद्धू ने कहा कि मैं इसे ना ही विपक्ष का काम कहूंगा और ना ही किसी का नाम लूंगा। ये शरारती तत्वों का काम है इनके बारे में बोलना भी हमें शोभा नहीं देता। हमारे मोहाली में कुल 190 पोस्टर लगे हुए हैं उसमें ऐसी कोई बात नहीं हुई है। ज़ीरकपुर की साइड सिर्फ़ एक पोस्टर में ऐसा हुआ है। पंजाब में गुटबाज़ी की सवाल पर निर्मल सिद्धू ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। अमरिंदर सिंह हमारे काफ़ी तजुर्बेकार नेता हैं, नवजोत सिंह सिद्धू भी काफ़ी समझदार नेता हैं। सब साथ मिलकर ही चुनाव लड़ेगे। वहीं निर्मल सिंह ने कहा कि ये जो अकाली दल, भाजपा, आम आदमी पार्टी या अन्य दल जुमलेबाज़ी कर रहे हैं इसका कोई भी वजूद नहीं है। ऐसे मुफ़्त में बिजली देने से राज्या तरक़्क़ी नहीं करता। नवजोत सिंह सिद्धू राज्य को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। उनके पास राज्य को बेहतर बनाने का विज़न है।












Click it and Unblock the Notifications