New CWC: मल्लिकार्जुन खड़गे की नई टीम में क्यों नहीं मिली सिद्धू को जगह? कहीं ये वजह तो नहीं
Congress working committee: कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभालने के करीब 10 महीने बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की नई वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) का ऐलान कर दिया है।
नई सीडब्ल्यूसी में जहां कांग्रेस अध्यक्ष पद पर मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ चुनाव लड़े शशि थरूर को जगह दी गई है, वहीं राजस्थान में सीएम गहलोत के सामने अक्सर मुखर रहने वाले सचिन पायलट को भी रखा गया है।

हालांकि, पार्टी की नई वर्किंग कमेटी से जो सबसे बड़ी चौंकाने वाली खबर है, वो है पंजाब कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू को इसमें शामिल ना करना। हालांकि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, अंबिका सोनी, प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री सुखजिंदर रंधावा, मनीष तिवारी और पवन बंसल को सीडब्ल्यूसी में रखा गया है। लेकिन, सिद्धू को आउट कर दिया गया है। ऐसे में पंजाब कांग्रेस में सिद्धू को लेकर सियासी सुगबुगाहट तेज हो गई है।
सिद्धू की अध्यक्षता में पंजाब चुनाव हारी कांग्रेस
आपको बता दें कि फरवरी 2022 में जब पंजाब में विधानसभा के चुनाव हुए, तो प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ही थे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त मिली और हार के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उनके बाद प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को सौंपी गई थी और चर्चा थी कि कांग्रेस सिद्धू को किसी और भूमिका में रखेगी। हालांकि रविवार को जब सीडब्ल्यूसी का ऐलान हुआ तो नवजोत सिंह सिद्धू का नाम लिस्ट में नहीं था।
सिद्धू की जगह क्यों चुने गए पुराने कांग्रेस नेता?
सियासी जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस ने एक बार फिर से पंजाब के पुराने और मंझे हुए नेताओं पर भरोसा जताया है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक चुनाव के नतीजों को देखें तो क्षत्रपों पर भरोसा करने की कांग्रेस की रणनीति साफ तौर पर नजर आती है। ऐसे में पंजाब में भी कांग्रेस अपनी उसी रणनीति को अंजाम देने में जुटी है और पार्टी के पुराने और कद्दावर नेताओं को नई टीम का हिस्सा बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications