पंजाब चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को झटका, विधायक रुपिंदर कौर रूबी ने पार्टी से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली, 9 नवंबर: पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हैं। जिसकी तैयारियों में सभी राजनीतिक पार्टियां लगी हैं। पिछले चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वाली आम आदमी पार्टी भी इस बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा कर रही, लेकिन वहां इन दिनों पार्टी में सब कुछ सही नहीं चल रहा है। मंगलवार शाम बठिंडा देहात से विधायक रुपिंदर कौर रूबी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वो लंबे वक्त से हाईकमान से नाराज चल रही थीं।

इस्तीफे से पहले ही विधायक रुपिंदर ने भगवंत मान का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी पंजाब चुनाव में मान को मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं घोषित करती, तो पार्टी को नुकसान होगा। जिससे सरकार बनाने में दिक्कत होगी। अगर भगवंत मान पार्टी में रहेंगे, तो वो भी रहेंगी। उन्होंने आगे कहा कि मुझे समझ नहीं आ रहा कि पार्टी 2017 वाली गलतियां क्यों दोहरा रही है। अगर पार्टी हारी तो चिंतन मनन का कोई फायदा नहीं होगा। ऐसे में अच्छा है कि भगवंत को सीएम कैंडिटेड घोषित कर दिया जाए।
जून में ही उड़ी थी अफवाह
वहीं इस साल जून में ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि रूबी AAP का साथ छोड़ सकती हैं। उस दौरान सोशल मीडिया पर बहुत से लोगों ने दावा भी किया था कि वो शिरोमणी अकाली दल में शामिल होंगी। हालांकि बाद में उन्होंने इस खबर को अफवाह बताया था। उन्होंने कहा था कि उनके पिता की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई थी। इसके बाद उन्हें हार्ट अटैक आया। जिस वजह से वो राजनीति में सक्रिय नहीं रह पाईं। बाद में अकाली दल और कांग्रेस ने उनके AAP छोड़ने की अफवाह फैला दी। वहीं रूबी अगला चुनाव किस पार्टी से लड़ेंगी, इस पर अभी तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications