पंजाब से हिमाचल तक 1 महीने में सड़क बनवाएंगे कैबिनेट मंत्री ब्रह्मशंकर जिंपा, शुरू कराया काम
होशियारपुर। पंजाब में अलाहाबाद-वनखंडी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री ब्रह्मशंकर जिंपा ने ऊना रोड स्थित गांव अलाहाबाद से वनखंडी (हिमाचल प्रदेश सीमा) तक बनने वाली सड़क के कार्य की कल शुरुआत करवाई। उन्होंने कहा कि, यह सड़क साढ़े 3 करोड़ रुपए की लागत से 1 माह में बन जाएगी। उन्होंने कहा कि, सड़क की हालत काफी खराब थी और लोगों की लंबे समय से इसका निर्माण करवाने की मांग थी।

हिमाचल तक 1 माह में बनेगी सड़क
नए कैबिनेट मंत्री ब्रह्मशंकर जिंपा का कहना है कि, उन्होंने सड़क निर्माण कार्य करवाने वाली एजेंसी नेशनल हाईवे अथाॅरिटी आॅफ इंडिया को निर्माण कार्य के दौरान क्वालिटी से समझौता न करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि लोगों की सुविधा को देखते हुए समय व क्वालिटी का ध्यान रखने हुए कार्य को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेश में बहुत ही साफ नियत से जन कल्याण के कार्य कर रही है।
'नए विकास कार्यों पर भी निगाह'
बकौल ब्रह्मशंकर, "साढ़े 3 करोड़ की लागत से बनने वाली इस 16 किलोमीटर रोड का निर्माण जून अंत तक पूरा हो जाएगा। यह सड़क बनने से इलाके के लोगों के अलावा पंजाब से हिमाचल जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।" अलाहाबाद से वनखंडी तक बनने वाली सड़क के कार्य का उद्घाटन करते वक्त कैबिनेट मंत्री ब्रह्मशंकर जिंपा के साथ कल कई नेता मौजूद रहे। जहां कैबिनेट मंत्री ने कहा कि, हमारी सरकार जहां पुराने कार्यों को चेक करवा रही है वहीं नए विकास कार्यों पर भी निगाह बनाए हुए है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ब्रह्मशंकर जिंपा ने कहा कि, हमारी सरकार की ओर से लोगों के कल्याण के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और उन्हें हर बुनियादी सुविधाएं समय पर मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि, पूरे प्रदेश में इसी रफ्तार से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस मौके पर वरिंदर शर्मा बिंदू, सुमेश सोनी, वरिंदर वैद मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications